41 IPL पारियों बाद 0 पर आउट हुए शुभमन गिल, जानें कौन खेला है बिना डक के सर्वाधिक पारियां
मुंबईः कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ आईपीएल सीजन 2021 का अपना चौथा मैच खेल रही है। इस मुकाबले में केकेआर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया जिसके जवाब में धोनी एंड कंपनी ने कोलकाता की टीम की बखिया उधेड़ कर रख दी। कोलकाता के अधिकतर गेंदबाजों की ऐसी पिटाई हुई कि वह इस मुकाबले को भविष्य में भूलना ही चाहेंगे। आपको यकीन नहीं आएगा कि पैट कमिंस जैसे गेंदबाज को भी चार ओवर में 58 रन खर्च करने पड़े।
वहीं चेन्नई सुपर किंग्स के बल्लेबाजों में ऋतुराज गायकवाड ने 42 गेंदों पर 64 रनों की पारी खेली जिसमें 6 चौके और 4 छक्के शामिल थे। इस पारी के असली हीरो रहे फाफ डु प्लेसिस जो गायकवाड के साथ ओपनिंग बल्लेबाजी करने आए थे और अंत तक नॉट आउट रहे। डु प्लेसिस ने 60 गेंदों पर 95 रनों की पारी खेली जिसमें 9 चौके और 4 छक्के लगाए थे।
इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता की टीम के लिए बहुत अहम था कि शुभमन गिल और नितीश राणा उसको ठोस शुरुआत दें। शुभमन गिल पर यह टीम बहुत ही ज्यादा भरोसा करती है। यहां तक कि केकेआर फ्रेंचाइजी ने इस युवा बल्लेबाज को अपने कोर ग्रुप में शामिल किया हुआ है। लेकिन शुभमन एक बार फिर से अनिरंतरता के शिकार हुए।
गिल की प्रतिभा काफी अच्छी है लेकिन सबसे बड़ी समस्या उनकी निरंतरता है और इस बार जब टीम को उनसे कुछ बढ़िया पारी की जरूरत थी वह पहली गेंद पर ही दीपक चाहर का शिकार हो गए। उनका कैच लूंगी नगीदी ने लपका। इसके साथ ही शुभमन गिल ने आईपीएल में 41 पारियों के बाद अपना पहला 0 बनाया है।
आईपीएल में सबसे ज्यादा पारी खेलकर डक बनाने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के जेम्स फॉकनर के नाम है। जेम्स फॉकनर ने सर्वाधिक आईपीएल में शून्य पर आउट हुए बिना 45 पारियां खेली थी। गिल यह रिकॉर्ड तोड़ने से तो चूक ही गए, साथ ही अपनी टीम को भी मझधार में छोड़ कर चले गए। कोढ़ में खाज यह रही कि उनके भरोसेमंद साथी नितीश राणा भी 9 रनों पर दीपक चाहर का शिकार बने। इस बार वे विकेट के पीछे धोनी द्वारा लपके गए।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
