नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेटर्स और बॉलीवुड एक्ट्रेसेस के बीच के रिश्ते ने समय-समय पर फैन्स को हैरान किया है। पहले युवराज सिंह, हरभजन सिंह जैसे खिलाड़ियों ने बॉलीवुड अभिनेत्रियों के साथ प्यार और शादी कर फैन्स को चौंकाया तो वहीं पर कप्तान विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की जोड़ी ने इसे एक नये मुकाम पर पहुंचा दिया। इस बीच मौजूदा समय में भी समय-समय पर कई खिलाड़ियों के बॉलीवुड अभिनेत्रियों के साथ अफेयर की खबरें सामने आती रहती हैं जिसमें बॉलीवुड अभिनेत्री आथिया शेट्टी और सलामी बल्लेबाज केएल राहुल का नाम भी शामिल है।
रिपोर्ट के अनुसार जहां केएल राहुल भारतीय टीम के साथ इंग्लैंड दौरे पर हैं तो वहीं पर आथिया शेट्टी भी उनके साथ पहुंची हैं। सूत्रों के अनुसार केएल राहुल ने बीसीसीआई और मामले से जुड़े अधिकारियों को इस बात की जानकारी दी है कि इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में आथिया उनके साथ पार्टनर के तौर पर रहेंगी। इस बीच दोनों के रिलेशनशिप स्टेटस को लेकर आथिया शेट्टी के पिता और बॉलीवुड एक्टर सुनील शेट्टी ने खुद जवाब दिया है।
और पढ़ें: ENG vs PAK: T20 सीरीज से पहले पाकिस्तान को लगा बड़ा झटका, हसन अली हुए बाहर
उल्लेखनीय है कि केएल राहुल और आथिया शेट्टी हाल ही में एक अंतर्राष्ट्रीय चश्मे के ब्रांड में साथ नजर आये थे और दोनों अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर इसी का प्रमोशन करते नजर आये थे। सुनील शेट्टी ने उनके रिश्ते पर बात करते हुए कहा कि वो साथ में अच्छे नजर आते हैं।
ईटी टाइम्स के साथ बात करते हुए सुनील शेट्टी ने कहा,'जहां तक एड की बात है...मेरा मतलब है कि एक अंतर्राष्ट्रीय ब्रांड ने उन दोनों को एंबेसडर चुना। मुझे लगता है कि वो दोनों साथ में अच्छे नजर आते हैं। और वो बेहतरीन दिखने वाली जोड़ी है न, तो एक ब्रैंड के नजरिये से यह पूरी तरह से काम करता है। और मुझे यह कहना ही पड़ेगा कि वो साथ में खूबसूरत लगते हैं, खासतौर से एड में।'
गौरतलब है कि आथिया शेट्टी पिछले कुछ समय से इंग्लैंड की अपनी तस्वीरों को पोस्ट कर रही हैं जिसके बाद माना जा रहा है कि उन्होंने वहां पर केएल राहुल को ज्वाइन कर लिया है। सुनील शेट्टी ने भी इस बात की पुष्टि करते हुए कहा कि उनकी बेटी इंग्लैंड में हैं लेकिन वो अपने भाई के साथ वहां पर हैं। हालांकि सुनील शेट्टी ने आथिया और केएल राहुल के रिलेशनशिप पर खुलकर बोलने से इंकार करते हुए कहा कि बेहतर होगा कि आप यह सवाल उनसे ही पूछें।
आपको बता दें कि भारत और इंग्लैंड के बीच 4 अगस्त से 5 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जानी है जिसमें केएल राहुल टॉप ऑर्डर या मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी करते नजर आ सकते हैं। दरअसल शुबमन गिल के चोटिल होने के बाद टीम मैनेजमेंट राहुल को प्लेइंग में शामिल कर सकता है। इस बीच भारतीय टीम सीरीज की शुरुआत से इंग्लैंड की काउंटी 11 टीम के खिलाफ 3 दिवसीय मैच खेलते नजर आयेगी।