नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गई भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली की आक्रमकता पर सवालों का दौर खत्म नहीं हुआ कि उनकी चिंता बढ़ाने वाला एक और बयान पूर्व दिग्गज भारतीय क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने दिया है ।सुनील गावस्कर ने टीम के कप्तान कोहली और कोच रवि शास्त्री के लिए एक नई चेतावनी जारी की है। गावस्कर का कहना है कि इस सीरीज के बचे हुए दो टेस्ट कोहली-शास्त्री की जोड़ी का भविष्य निर्धारित कर सकते है।
गावस्कर ने कहा कि, ' पिछले साल हुई चैंपियंस ट्रॉफी में पहले फील्डिंग करने का फैसला हो या साउथ अफ्रीका दौरे पर प्लेइंग इलेवन में खिलाड़ियों को शामिल करने और निकालने की बात हो या इंग्लैंड में प्लेइंग इलेवन का चयन हो या फिर ऑस्ट्रेलिया में में अब तक लिए गए टीम सेलेक्शन के फैसले हों, किसी ना किसी को तो इन फैसले को जिम्मेदारी उठानी होगा। कोई ना कोई तो इसके लिए जिम्मेदार होगा ही।'
गावस्कर ने कोहली और कोच रवि शास्त्री के फैसले से टीम के संतुलन और रणनीति को लेकर सवाल उठाया है।गावस्कर का मानना है कि अगर टीम इंडिया को यह सीरीज जीतनी है तो भारतीय टीम को ऐसा एकादश लेकर उतरना होगा जो भारत की खामियों और नाकामियों पर उठ रहे सवालों पर विराम लगा सके।