
रोहित करेंगे भारतीय क्रिकेट के नये युग की शुरुआत
न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली जाने इस द्विपक्षीय सीरीज में रोहित शर्मा को टीम की कमान दिये जाने के साथ ही विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी जैसे खिलाड़ियों को आराम दिया गया है, तो वहीं पर वेंकटेश अय्यर, हर्षल पटेल और आवेश खान जैसे युवा खिलाड़ियों को पहली बार टीम में जगह मिली है। सुनील गावस्कर ने मंगलवार को हुई टीम के ऐलान के बाद इसे भारतीय क्रिकेट के नये युग की शुरुआत बताया है।
उन्होंने कहा,'रोहित शर्मा भारतीय क्रिकेट की मसाल को लेकर आगे चलने के लिये पूरी तरह से तैयार हैं। यह टी20 क्रिकेट में भारत के लिये नये युग की शुरुआत है जिसकी कमान रोहित शर्मा के हाथों में है।'

IPL जीतने का मतलब अंतर्राष्ट्रीय सफलता की गारंटी नहीं
उल्लेखनीय है कि रोहित शर्मा लंबे समय से भारतीय टीम के उपकप्तान की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं और कोहली की गैर मौजूदगी में कई बार टीम को यादगार जीत दिलाने में कामयाब रहे हैं। रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने एशिया कप और निदाहास ट्रॉफी के मल्टीनेशन टूर्नामेंट में भी जीत हासिल की है। इतना ही नहीं मुंबई इंडियंस के लिये 5 बार आईपीएल खिताब जीतकर यह खिलाड़ी लीग का सबसे सफल कप्तान बन चुका है। हालांकि गावस्कर का मानना है कि आईपीएल में मिली सफलता रोहित को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सफल होने की गारंटी नहीं देता है।
उन्होंने कहा,'आमतौर पर एक कप्तान उतना ही अच्छा होता है जितना की उसकी टीम, मुझे पता है कि रोहित की कप्तानी में मुंबई ने 5 आईपीएल ट्रॉफी जीती हैें लेकिन अपने देश की टीम की कप्तानी करना किसी राज्य की टीम की कप्तानी या फ्रैंचाइजी की कमान संभालने से बिल्कुल अलग होता है। जिस तरह से कई बार एक अच्छा फर्स्ट क्लास क्रिकेटर अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट का हिस्सा बनने के बावजूद सफलता हासिल नहीं कर पाता ठीक उसी तरह से आपका फ्रैंचाइजी या स्टेट टीम के लिये हासिल की गई सफलता आपको अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सफलता की गारंटी नहीं देती है।

राहुल को अगला कप्तान बनाने की ओर देख रहे हैं चयनकर्ता
इस दौरान सुनील गावस्कर ने केएल राहुल को टीम का नया उपकप्तान बनाये जाने पर भी अपनी राय दी और कहा कि आईपीएल के पिछले 2 सीजन में केएल राहुल ने पंजाब किंग्स के लिये जिस तरह से कप्तानी उसे देखने के बाद चयनकर्ता उन्हें अगला कप्तान बनाने की ओर देख रहे हैं।
उन्होंने कहा,'चयनकर्ताओं की ओर से केएल राहुल को भविष्य में भारतीय टीम का कप्तान मान लिया गया है। वह आईपीएल में पंजाब किंग्स की टीम की कमान संभाल चुके हैं और सबसे बड़ी बात की तीनों प्रारूप में भारत के लिये खेल रहे हैं। मुझे लगता है कि केएल राहुल का तीनों प्रारूपों में खेलना ही अहम वजह रहा जिसके चलते उन्हें टीम का नया उपकप्तान बनाया गया है।'


Click it and Unblock the Notifications
