For Quick Alerts
ALLOW NOTIFICATIONS  
For Daily Alerts
 

आईपीएल 7: सनराइजर्स ने राजस्थान रॉयल्स को 32 रनों से हराया

अहमदाबाद। भुवनेश्वर कुमार (14-4) और डेल स्टेन (31-2) के दमदार प्रदर्शन की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद टीम ने गुरुवार को सरदार पटेल स्टेडियम में खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के सातवें संस्करण के अपने सातवें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को 32 रनों से हरा दिया। राजस्थान रॉयल्स की यह लगातार चार मैचों के बाद पहली हार है। साथ ही अपने नए घर अहमदाबाद में राजस्थान रॉयल्स को दो मैचों में पहली हार मिली है। इस जीत के साथ सनराइजर्स छह अंकों के साथ आठ टीमों की तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं।

राजस्थान की टीम तीसरे स्थान पर ही कायम है। यह आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स पर सनराइजर्स की दूसरी जीत है। राजस्थान ने आठ में से पांच मैच जीते हैं और तीन मैच गंवाए हैं जबकि सनराइजर्स ने सात में से चार मैच गंवाए हैं और तीन जीते हैं। सनराइजर्स ने राजस्थान रॉयल्स के सामने 135 रनों का आसान सा लक्ष्य रखा था लेकिन मेजबान टीम 19.5 ओवरों में सभी विकेट गंवाकर 102 रन ही बना सकी। स्टीवन स्मिथ ने सबसे अधिक 22 रन बनाए।

स्टेन और भुवनेश्वर के अलावा कर्ण शर्मा, इरफान पठान और मोएसिस हेनरिक्स ने एक-एक सफलता हासिल की। अमित मिश्रा को कोई विकेट नहीं मिला लेकिन उन्होंने चार ओवरों में सिर्फ 13 रन खर्च किए। राजस्थान रॉयल्स की ओर से अजिंक्य रहाणे (0), करुण नायर (12), संजू सैमसन (16), शेन वॉटसन (11), स्टुअर्ट बिन्नी (12), जेम्स फॉल्कनर (4) और रजत भाटिया (4) अपनी क्षमता के साथ न्याय नहीं कर सके। भुवनेश्वर ने अपने चौथे और पारी के 18वें ओवर में फाल्कनर, भाटिया और केन रिचर्डसन (1) के विकेट चटकाए।

धवल कुलकर्णी सात रनों पर नाबाद रहे जबकि अंतिम विकेट के रूप में प्रवीण ताम्बे (3) आउट हुए। स्मिथ ने 33 गेंदों का सामना किया लेकिन वह कसी हुई गेंदबाजी के आगे एक भी चौका या छक्का नहीं लगा सके। राजस्थान रॉयल्स की पारी में सिर्फ एक छक्का लगा वह वह सैमसन के नाम रहा। इससे पहले, वॉटसन (13-3) और भाटिया (23-3) की उम्दा गेंदबाजी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स को 134 रनों पर सीमित कर दिया था। सनराइजर्स ने 20 ओवरों में नौ विकेट गंवाए।

अपने नए घर में दूसरा मैच खेल रही राजस्थान रॉयल्स टीम के लिए प्रवीण ताम्बे ने भी चार ओवरों में 21 रन खर्च करते हुए एक विकेट लिया। सनराइजर्स की ओर से कप्तान शिखर धवन ने सबसे अधिक 33 रन बनाए। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी सनराइजर्स टीम ने अपेक्षाकृत अच्छी शुरूआत की। कप्तान धवन और एरॉन फिंच (9) ने पहले विकेट के लिए 24 गेंदों पर 37 रनों की साझेदारी की। धवन 37 के कुल योग पर शेन वॉटसन की गेंद पर बोल्ड हुए। धवन ने 20 गेंदों की पारी में सात चौके लगाए। फिंच ने इसके बाद लोकेश राहुल (18) के साथ 18 रनों की साझेदारी की।

फिंच का विकेट 55 रनों के कुल योग पर गिरा। फिंच ने 10 गेंदों पर एक चौका लगाया। राहुल 18 गेंदों पर दो चौके लगाने के बाद रजत भाटिया की गेंद पर बोल्ड हुए। उस समय कुल यो 67 था। डेविड वार्नर (6) से टीम को अच्छी पारी की उम्मीद थी लेकिन वह नाकाम रहे। वह 85 के कुल योग पर प्रवीण ताम्बे की गेंद पर संजू सैमसन के हाथों लपके गए। नमन ओझा (17) का विकेट 89 के कुल योग पर गिरा। ओझा को भाटिया ने बोल्ड किया। ओझा ने 19 गेंदों पर एक चौका लगाया।

ओझा के आउट होने के बाद मोएसिस हेनरिक्स (9) को वॉटसन ने 106 रनों के कुल योग पर चलता किया। इसी योग पर वॉटसन ने कर्ण शर्मा (0) को भी आउट किया लेकिन वह हैट्रिक नहीं पूरा कर सके। इरफान पठान (नाबाद 21) और डेल स्टेन ने अंतिम 18 गेंदों पर 19 रन जोड़े। इरफान ने 21 गेंदों पर दो चौके लगाए जबकि स्टेन ने आठ गेंदों पर एक चौका जड़ा। स्टेन 125 के कुल योग पर रन आउट हुए। इसके बाद 129 के कुल योग पर अमित मिश्रा (0) भी रन आउट कर दिए गए। (आईएएनएस)

Story first published: Monday, November 13, 2017, 11:12 [IST]
Other articles published on Nov 13, 2017
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+