मुंबई। भारतीय क्रिकेट टीम से बाहर चल रहे सुरेश रैना ने एक प्रमोशनल ईवेंट में बीसीसीआई को लेकर बड़ी बात कही। दरअसल रैना से जब यो-यो टेस्ट में फेल होने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, " मैं फिट हूं। इस बारे में आप बीसीसीआई से बात करिये। जब समय आएगा तो मैं जरूर बोलूंगा।" गौरतलब है कि सुरेश रैना यो-यो टेस्ट में फेल हो गए थे इसीलिए उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे और टी-20 सिरीज में नहीं रखा गया था। उनके साथ-साथ युवराज सिंह भी इस टेस्ट में फेल हो गए थे।
टीम इंडिया के चीफ कोच रवि शास्त्री से इनके भविष्य के बारे में पूछा गया था तो उन्होंने कहा था कि उनके लिए दरवाजे बंद नहीं हुए हैं लेकिन उन्हें उनकी फिटनेस साबित करनी पड़ेगी। जब रैना से आगे पूछा गया कि क्या वह अगले यो-यो टेस्ट में शामिल होंगे, तब भी उन्होंने कहा "अगर आप बीसीसीआई से पूछेंगे तो बेहतर जवाब मिलेगा।"
आपको बता दें कि पिछले मंगलवार को आर अश्विन और चेतेश्वर पुजारा ने यो-यो टेस्ट को पास कर लिया था लेकिन युवराज सिंह एक बार फिर इसमें फेल हो गए थे। बता दें कि रैना पिछले डेढ़ साल से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं। सुरेश रैना ने 223 वनडे की 192 पारियों में 35.46 के औसत से 5568 रन बनाए हैं।
रैना के नाम वनडे में 5 शतक हैं। इसके अलावा रैना ने 65 टी20 में 55 पारियों में 29.70 के औसत से 1307 रन बनाए हैं। बता दें कि सुरेश रैना रणजी ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश की टीम की कप्तानी कर रहे हैं। यूपी अपना पहला मैच रेवले से हार गई।