नई दिल्ली। इन दिनों टीम इंडिया से बाहर चल रहे सुरेश रैना ने अपने Cricbuzz के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में वनडे टीम के कैप्टन महेन्द्र सिंह धोनी के संन्यास के बारे में अहम खुलासे किये हैं। रैना ने कहा कि धोनी का टेस्ट मैच से संन्यास लेने का फैसला अचानक था और यह बात सिवाय धोनी के और कोई नहीं जानता था।
रैना ने कहा कि संन्यास के ऐलान की एक रात पहले धोनी मेरे रूम में आये थे और उन्होंने कहा कि मेरे पास एक एकस्ट्रा लार्ज जर्सी है जिसे तुम अब रख लो। मैंने उनकी शक्ल देखी तभी मुझे एहसास हो गया था कि कल कुछ बड़ा होने वाला है। उस रात धोनी उस वाइट जर्सी में ही सो गये। दूसरे दिन जब वो सुबह नाश्ते की टेबल पर वो बेहद शांत और गंभीर थे और उन्होंने किसी से ज्यादा बातें नहीं की।
जैसे ही टेस्ट मैच खत्म हुआ, धोनी ने सभी प्लेयर्स को बुलाकर कहा कि वो कुछ बताना चाहते हैं। मैं समझ गया था कि वो रिटायर हो रहे हैं और उन्होंने वो कहा जो हम सब शायद सुनने को तैयार नहीं थे। वो अपने संन्यास के ऐलान के बाद अपने रूम में चले गये जहां वो अकेले थे। थोड़ी देर बाद जब मैं, ईशांत और विराट जब उनके कमरे में गये तो उन्होंने भावुक होकर कहा कि अब मैं यह सफेद जर्सी कभी नहीं पहनूंगा।
आपको बता दें कि महेन्द्र सिंह धोनी ने दिसंबर 2014 में ऑस्ट्रेलिया में बॉक्सिंग डे टेस्ट के आखिरी दिन मेलबर्न में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। यह उनके करियर का 90वां टेस्ट था। धोनी के अचानक यूं संन्यास लेने से हर कोई हैरान था और आज तक उनके फैंस को समझ नहीं आया कि अचानक टीम के दौरे के बीच धोनी ने संन्यास का ऐलान क्यों किया?