नई दिल्ली। तेज गेंदबाज इशांत शर्मा को आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) की नीलामी में कोई खरीदार नहीं मिला था। लेकिन अब उन्हें विदेश में खरीददार मिल गया है। जी हां, इशांत शर्मा भी टीम के साथी चेतेश्वर पुजारा के नक्शेकदम पर चलते हुए इंग्लिश काउंटी टीम ससेक्स के लिये खेलने को तैयार हैं। वह काउंटी टीम के लिये पांच प्रथम श्रेणी और आठ लिस्ट-ए मैच खेलेंगे। आपको बता दें कि ईशांत पहली बार काउंटी क्रिकेट में खेलेंगे। काउंटी की अधिकारिक वेबसाइट के अनुसार इशांत बीसीसीआई से अधिकारिक मंजूरी का इंतजार कर रहे हैं।
खबरों के मुताबिक इशांत शर्मा 4अप्रैल से 4 जून तक काउंटी खेलेंगे। इससे यह खिलाड़ी खुद को ससेक्स के लिये काउंटी चैम्पियनशिप के पहले पांच मुकाबलों और रॉयल लंदन वनडे कप ग्रुप मैचों के सभी आठ मुकाबलों के लिये उपलब्ध करा सकेगा। इशांत ने काउंटी की वेबसाइट से कहा, ''मैं ससेक्स का विशेष शुक्रिया कहना चाहूंगा जिन्होंने मेरे मौजूदा प्रदर्शन को ध्यान में रखकर मुझे इस भूमिका के लिये उपयुक्त समझा। मुझे उम्मीद है कि मैं इस सत्र में ससेक्स परिवार के लिये अच्छा प्रदर्शन कर पाऊंगा।''
बता दें कि अपने दो अहम खिलाड़ियों को आईपीएल में चुने जाने के बाद ससेक्स ने इशांत को अपने साथ जोड़ने का कदम उठाया है। ससेक्स के क्रिकेट निदेशक कीथ ग्रीनफील्ड ने कहा, 'उनकी सेवाएं लेना हमारे लिए काफी अहम है। जोफ्रा आर्चर और क्रिस जोर्डन को आईपीएल नीलामी में चुन लिया गया जिससे हमारे लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुभवी तेज गेंदबाज को शामिल करना काफी जरूरी था।'