bbc-Staff
मुंबई में चरमपंथी हमलों की मार भारत-इंग्लैंड वनडे सिरीज़ के बाक़ी दो मैचों पर तो पड़ी ही है, ट्वेन्टी-20 चैम्पियंस लीग को भी स्थगित कर दिया गया है. तीन दिसंबर से यह प्रतियोगिता शुरू हो रही थी. प्रतियोगिता के मैच भारत के कई शहरों में आयोजित होने थे, जिनमें मुंबई भी शामिल था.
चैम्पियंस लीग ट्वेन्टी-20 की प्रशासनिक परिषद की बैठक में यह फ़ैसला किया गया. परिषद ने इस बारे में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ़्रीका क्रिकेट बोर्ड से भी सलाह-मशविरा किया.
चैम्पियंस लीग के चेयरमैन ललित मोदी ने बताया, "हमने सभी संबंधित टीमों और अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श के बाद प्रतियोगिता को स्थगित करने का फ़ैसला किया है."
निंदा
मोदी ने मुंबई में हुए चरमपंथी हमलों की कड़ी निंदा की और मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई.
मुंबई हमलों के बाद चैम्पियंस लीग के लिए भारत दौरे पर आने वाली मिडिलसेक्स की टीम ने मुंबई आना टाल दिया था तो क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने भारत दौरे को निलंबित करने का फ़ैसला किया था.
मिडिलसेक्स की टीम को गुरुवार सुबह मुंबई पहुँचना था. टीम को होटल ताज में ही रुकना था. ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट बोर्ड ने चैम्पियंस लीग के लिए भारत आने वाले खिलाड़ियों को सावधान किया था.
चैम्पियंस लीग में ऑस्ट्रेलिया की दो टीमों वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया और विक्टोरिया को हिस्सा लेना था. इनके अलावा ऑस्ट्रेलिया के कई वरिष्ठ खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में खेलने वाले थे. इनमें हैं- माइक हसी, मैथ्यू हेडन, शेन वॉटसन और शेन वॉर्न.
मुंबई में आतंकी हमलेः हर पल की खबर
Story first published: Thursday, November 27, 2008, 16:33 [IST]
Other articles published on
Nov 27, 2008