2015 क्रिकेट वर्ल्ड कप के दौरान बना वो गीत तो आप सभी को याद होगा न...अजी ''मौका, मौका।'' क्यों याद आया न...वो पटाखे का डिब्बा लिए हुए पाकिस्तान समर्थक का कहना...मौका, मौका। बहरहाल एक बार फिर से पाक समर्थक उसी तर्ज पर कुछ नया करने में जुटे हैं। दरअसल टी20 वर्ल्ड कप में आज मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच है। जिसे लेकर भारत हो या फिर पाकिस्तान...सिर्फ इतना ही नहीं बल्कि अन्य देश भी खासा उत्साहित हैं।
मैच से पहले पाकिस्तान में टीवी चैनल दिलचस्प अंदाज़ में हिंदी गाने चलाकर भारत के ख़िलाफ़ भिड़ रहे अपने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। जियो न्यूज़ कभी बॉलीवुड फ़िल्म 'बाजीराव मस्तानी' का गाना ''दुश्मन की वाट लाउली'' चला रहा है तो कभी अपने चैनल बैकग्राउंड में हिंदी फ़िल्म बजरंगी भाईजान का गाना ''सेल्फ़ी ले ले रे'' चलाया जा रहा है।
भारतीय धुरंधरों से बार-बार शिकस्त मिलने के साथ ही पाकिस्तान के लोग हों या फिर मीडिया टोटकों का सहारा लेती नजर आ रही है। दरअसल चैनल में प्रोग्राम के दौरान एक बंदर को दिखाया गया, जिसका नाम शेरा बताया गया है। इसके मुताबिक़ इस बंदर ने भविष्यवाणी की है कि पाकिस्तान टीम मैच जीतेगी और इसके बाद मुस्कराते हुए चैनल के एंकरों ने कहा, ''तनाव में आने की कोई ज़रूरत नहीं है।''
पाकिस्तान में करीबन हर उर्दू चैनल की खास खबर टी20 वर्ल्ड कप ही बना हुआ है। वहीं सोशल मीडिया माध्यमों पर भी भारतीय टीम हो या फिर पाकिस्तान टीम के फैंस अपनी अपनी टीमों को सपोर्ट करने के लिए मोटीवेशनल स्टेटस अपलोड कर रहे हैं। अगर बात की जाए ट्विटर की तो टॉप ट्रैंड्स में ''19th Match'' और ''#PAKvsIND'' चल रहे हैं।
बहरहाल दोनों ही टीमें अपने पूरे जोश के साथ मैदान में जीत की खातिर पूरी कोशिश करेंगी लेकिन देखना दिलचस्प होगा कि किसका होगा ''मौका''.... या पाक के पटाखों को एक बार फिर इंतजार की हवा खानी पड़ेगी।