नई दिल्लीः भारत के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या आने वाले T20 वर्ल्ड कप को अपने करियर की सबसे बड़ी जिम्मेदारी मानते हैं। इस जिम्मेदारी में वह फिनिशर के रोल को सबसे अहम मान रहे हैं क्योंकि अब भारतीय टीम की बल्लेबाजी लाइन अप में महेंद्र सिंह जैसा खिलाड़ी नहीं है। हार्दिक पंड्या ने 'ईएसपीएन क्रिकइंफो क्रिकेट मंथली' को दिए इंटरव्यू में धोनी को लाइफ कोच और बड़ा भाई बताया है।
हार्दिक पंड्या की फिटनेस को लेकर काफी सवाल उठे हैं क्योंकि वह गेंदबाजी नहीं कर रहे हैं लेकिन पांड्या के लिए अच्छी बात यह है कि धोनी भारतीय क्रिकेट टीम के ड्रेसिंग रूम में एक मेंटर के तौर पर रहेंगे। हार्दिक पंड्या कहते हैं कि महेंद्र सिंह धोनी उस तरह के इंसान थे जो उनको शुरुआत से ही समझते थे कि मैं किस तरीके से काम करता हूं, मैं कैसा इंसान हूं और किस तरह की चीजें मुझे नहीं चाहिए, धोनी सब कुछ समझते थे।
हार्दिक पंड्या अपने आपको धोनी का काफी करीबी बताते हैं और कहते हैं कि धोनी ही ऐसे इंसान हैं जो उनको शांति दे सकते हैं। हार्दिक धोनी को एक महान क्रिकेट खिलाड़ी के तौर पर नहीं जानते क्योंकि उनका मानना है कि माही तो हमेशा से उनके बड़े भाई रहे हैं।
हार्दिक कहते हैं कि जब धोनी के साथ रहते हैं तो आप मैच्योर होना सीख जाते हैं और आपमें विनम्रता भी आ जाती है।
हार्दिक पंड्या ने पैसों को लेकर भी बात की है और कहा है कि जीवन में धन का बहुत ज्यादा महत्व है। हार्दिक अपने अनुभव बताते हैं कि कई लोग उनको यह कहते हैं कि युवा लोगों को पैसे के बारे में ज्यादा नहीं सोचना चाहिए लेकिन मैं उनसे सहमत नहीं हूं, क्योंकि पैसा आपके जीवन में काफी मायने रखता है। हार्दिक कहते हैं, "पैसा अंतर पैदा करता है और यह आपको प्रेरणा भी देता है। लोगों में गलत धारणा यह बनी हुई है कि पैसों के बारे में बात नहीं करनी चाहिए।"
हार्दिक पांडया की फॉर्म से चिंतित चयनकर्ताओं ने भारतीय क्रिकेट टीम में शार्दुल ठाकुर को जगह दी है जो हार्दिक का बैकअप होंगे। हार्दिक जानते हैं कि लोगों की नजरें उन पर रहेंगी क्योंकि उनकी पहचान ऐसा खिलाड़ी के तौर पर बनी हुई है जो अगर बल्ले से चल गया तो विपक्षी खेमे से गेम को छीनकर ले जाएगा।