नई दिल्ली। 5 साल बाद यूएई में वापसी कर रहे आईसीसी टी20 विश्व कप को लेकर सभी देश तैयारियों में लगे हुए हैं और टूर्नामेंट से पहले अपनी-अपनी विश्व कप की टीम को फाइनल करने की तैयारी कर रहे हैं। खिलाड़ियों के चयन को ध्यान में रखते हुए लगभग हर देश इस समय किसी न किसी देश के साथ टी20 या वनडे सीरीज खेल रहा है, ताकि विश्व कप से पहले काबिल खिलाड़ियों की पहचान कर अपनी टी20 विश्व कप की टीम को तैयार कर दिया जाये। उल्लेखनीय है कि आईसीसी की ओर से आखिरी टी20 विश्व कप का आयोजन 2016 में भारत की मेजबानी में खेला गया था जिसके बाद 5 सालों तक दूसरा विश्व कप नहीं हो सका।
2020 में ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी में इस टूर्नामेंट की वापसी होनी थी लेकिन कोरोना वायरस के चलते इसे टालना पड़ा। हालांकि 2021 में भारत की मेजबानी में होने वाले इस टूर्नामेंट को कोरोना वायरस की तीसरी लहर के भय के चलते यूएई शिफ्ट करना पड़ा, जहां पर बीसीसीआई की ही मेजबानी में यह टूर्नामेंट 17 अक्टूबर से 14 नवंबर के बीच ओमान और यूएई में खेला जायेगा।
और पढ़ें: ENG vs PAK: 'समझ से परे हैं कप्तान का यह फैसला', बाबर आजम पर जमकर बरसे शोएब अख्तर
इस बीच इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और कॉमेंटेटर माइकल वॉन ने 2021 के टी20 विश्व कप को लेकर भविष्यवाणी की है और बताया है कि कौन सी टीम खिताब जीतने वाली है। बीबीसी के साथ बात करते हुए माइकल वॉन ने कहा कि इंग्लैंड की टीम इस समय खुद को सबसे सही स्थिति में ला चुकी है और उसने हर पहलू को अच्छे से कवर कर लिया है, ऐसे में इयोन मोर्गन की कप्तानी वाली इंग्लैंड की टीम यूएई में खिताब जीतने की सबसे प्रबल दावेदार है।
उल्लेखनीय है कि इंग्लैंड की टीम इस समय पाकिस्तान के साथ 3 मैचों की टी20 सीरीज खेल रही है, जिसके पहले मैच में 31 रन से हारने के बाद उसने रविवार को हेडिंग्ले के मैदान पर खेले गये दूसरे मैच में जबरदस्त वापसी की और पाकिस्तान को 45 रन से हराकर सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। माइकल वॉन ने यह बयान इंग्लैंड की इसी जीत के बाद दिया है।
और पढ़ें: IND vs ENG: इंग्लैंड सीरीज से पहले भारतीय टीम को मिली खुशखबरी, कोरोना नेगेटिव हुए ऋषभ पंत
गौरतलब है कि इंग्लैंड की टीम ने साल 2010 में अपना पहला टी20 विश्वकप का खिताब जीता था और 2016 में खेले गये टी20 विश्वकप में वह उपविजेता बना था। आपको बता दें कि वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले गये इस मैच में इंग्लैंड की टीम जीत के करीब पहुंच गई थी लेकिन कार्लोस ब्रैथवेट ने बेन स्टोक्स के आखिरी ओवर में 4 छक्के लगाकर अपनी टीम को दूसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब जिता दिया।
इस बीच टी20 विश्व कप 2021 के लिये इंग्लैंड के अलावा वेस्टइंडीज, न्यूजीलैंड, भारत और ऑस्ट्रेलिया को भी जीत का प्रबल दावेदार माना जा रहा है।