नई दिल्लीः न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने क्रिकेट मुकाबले से पहले भारतीय टीम बड़ी ही दिलचस्प किस्म की ट्रेनिंग कर रही है। आजकल क्रिकेट में कई तरह के कोचिंग स्टाफ का चलन है जिसके चलते हर क्षेत्र के लिए विशेषज्ञ मौजूद रहते हैं। ऐसे में खिलाड़ियों के फील्डिंग कौशल को सुधारने के लिए भी नई नई किस्म की ट्रेनिंग और प्रोग्राम आजमाए जाते हैं। लेकिन इस बार भारतीय टीम ने जो किया है वह काफी नया लगता है क्योंकि इससे पहले इस तरह की चीजें बहुत बड़े पैमाने पर नहीं देखी गई है।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच 31 अक्टूबर को होने जा रहे मुकाबले से पहले आईसीसी ने ठीक ऐसा ही एक वीडियो अपने आधिकारिक सोशल हैंडल पर शेयर किया है। इस वीडियो में आप विराट कोहली समेत टीम इंडिया के खिलाड़ियों को फील्डिंग की प्रैक्टिस करते देख सकते हैं। यहां पर आपको गेंद को रोकना नहीं है, ना ही उसको थ्रो करना है बल्कि आपको कैच की प्रैक्टिस करनी है जिसका तरीका बड़ा ही नायाब है।
यहां पर टीम ग्रुप से एक खिलाड़ी टेनिस रैकेट हाथ में लेता है और फिर गेंद को हवा में ऊंचा उछाल देता है जिसको नीचे खड़े खिलाड़ियों को लपकना होता है। अब यहां पर पेंच यह है कि यह कैच आपको सीधा नहीं लपकना है बल्कि पहले एक खिलाड़ी सिर पर हेलमेट पहनकर गेंद को जज करते हुए अपने सिर पर टकराने देगा। अगर फिल्डर का जजमेंट सही होता है तो गेंद उसके हेलमेट से टकराएगी और फिर आसपास खड़े खिलाड़ियों की तरफ पहुंच जाएगी जिसको फिर बाएं हाथ से ही लपकना होगा।
जाहिर है ये बहुत मुश्किल लगता है और वास्तव में ऐसा हुआ भी है क्योंकि ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ही पूरी वीडियो क्लिप में एक हाथ से कैच लेने में भागने में कामयाब रहे। रविचंद्रन अश्विन फिलहाल भारतीय क्रिकेट टीम की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं है लेकिन भारत को इस तरह की प्रैक्टिस मानसिक तौर पर मजबूत करने के लिए भी है और यह एक तरह के मनोरंजन का भी हिस्सा है। इस तरह की ट्रेनिंग के शारीरिक कम और मानसिक नतीजे ज्यादा देखने को मिलते हैं।
भारतीय क्रिकेट टीम के सामने उस न्यूजीलैंड टीम की चुनौती है जो T20 वर्ल्ड कप में भारत से पहले नहीं हारी है। फिलहाल इस तरह के सवाल उठ रहे हैं कि टीम इंडिया किस तरह की प्लेइंग इलेवन उतारेगी। क्या हार्दिक पंड्या और भुवनेश्वर कुमार टीम में बने रहेंगे? इन सब चीजों का इंतजार करने के लिए हमें कुछ ही घंटे के लिए इस मैच का इंतजार करना है।