नई दिल्लीः भारत के ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की फिटनेस पर बड़ा अपडेट आया है। विराट कोहली ने यह महत्वपूर्ण जानकारी तब दी जब भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ कल यानी 31 अक्टूबर को अहम मुकाबला खेलना है। टीम इंडिया के लिए दुबई में होने जा रहा यह मुकाबला किसी भी हालत में जीतने का है। यही स्थिति न्यूजीलैंड की है और हार्दिक को लेकर अच्छी खबर यह है कि विराट कोहली ने उनको पूरी तरह से फिट बताया है।
कोहली ने शनिवार को बताया कि हार्दिक पांड्या पूरी तरह से फिट हैं लेकिन अभी भी यह पुष्टि नहीं हो पाई है कि ऑलराउंडर गेंदबाजी करेगा या नहीं। हार्दिक की गेंदबाजी इस समय उनकी बैटिंग से भी ज्यादा चर्चा का विषय बन चुकी है।
दरअसल हार्दिक पांड्या के साथ एक ओर समस्या हो गई थी। जब वे पाकिस्तान के खिलाफ खेल रहे थे तो एक गेंद ने उनके कंधे को हिट किया था और वे दर्द से कंधा मलते हुए दिखाई दिए। यह उनका दाया कंधा था जिसके बाद उन्होंने फील्डिंग भी नहीं की और चोट का पता लगाने के लिए स्कैन किया गया। हार्दिक ने मैच में केवल 11 रन बनाए।
अब शार्दुल ठाकुर के स्थान पर हार्दिक का खेलना कई लोगों को अखरने लगा है। लेकिन विराट का कहना है कि शार्दुल ठाकुर भी टीम की योजनाओं का हिस्सा हैं।
कोहली ने मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेस में कहा, शार्दुल ठाकुर टीम के अंदर काफी सारी चीजें लेकर आ सकते हैं। वे किस रोल में टीम में फिट होंगे ये मैं अभी कह नहीं सकता। लेकिन शार्दुल के पास बहुत क्षमता है और वे टीम में बहुत ज्यादा ताकत जोड़ते हैं।
एक तरफ हार्दिक पांड्या बॉलिंग नहीं कर पा रहे हैं और दूसरी तरफ शार्दुल आईपीएल में सीएसके के लिए दमखम दिखा चुके हैं। उनकी गेंदबाजी में दम है और वे बैटिंग जैसी कर रहे हैं वैसी तो पांड्या ही कर रहे हैं। हार्दिक में वो कहर दिखना गायब हो गया है जैसा पाकिस्तान के आसिफ अली निचले क्रम पर आकर दिखा रहे हैं।
कीवियों के खिलाफ देखना होगा कि शार्दुल और हार्दिक में से कौन जगह पाता है या फिर किसको क्या भूमिका दी जाती है। फिलहाल यह मैच भी हाईप पा चुका है क्योंकि हारने वाला सेमीफाइनल की रेस से बाहर होता दिख रहा है। विराट कोहली की कमान में अंतिम टी20 वर्ल्ड कप टीम इंडिया ऐसा कतई नहीं चाहेगी।