नई दिल्ली। आईसीसी की ताजा जारी टी-20 की रैंकिंग में भारत को करारा झटका लगा है। टीम इंडिया टी-20 टीमों की रैंकिंग में चौथे नंबर पर पहुंच गई है। इंग्लैंड की टीम आईसीसी टी-20 रैंकिंग में दूसरे नंबर पर जगह बनाया है। टी-20 रैंकिंग में न्यूजीलैंड ने टॉप करते हुए पहला नंबर हासिल किया है।
आईसीसी की सालाना जारी टी-20 रैंकिंग में इंग्लैंड की टीम को बड़ा फायदा मिला है। इस टीम ने 7 अंकों की बढ़त बनाते हुए 121 प्वाइंट्स हासिल किए। इसी के साथ टीम ने 3 स्थान की छलांग लगाते हुए दूसरे नंबर पर कब्जा जमाया है। इंग्लैंड की टीम आईसीसी टी-20 में टॉप पर मौजूद न्यूजीलैंड की टीम से चार अंक पीछे हैं। न्यूजीलैंड की टीम के 125 अंक हैं।
भारतीय क्रिकेट टीम 2007 में आईसीसी वर्ल्ड 20-20 की चैंपियन बनी थी। हालांकि अब टीम इस साल करीब 6 अंक गंवाने के बाद चौथे स्थान पर पहुंच गई है। भारतीय टीम के अब 118 प्वाइंट्स हैं। 2009 में आईसीसी वर्ल्ड 20-20 के विजेता पाकिस्तान ताजा रैंकिंग में तीसरे नंबर पर है। टीम इंडिया, पाकिस्तान से तीन प्वाइंट्स पीछे है। दक्षिण अफ्रीका इस लिस्ट में दो स्थान फिसलते हुए पांचवें नंबर पर पहुंच गई है। वहीं ऑस्ट्रेलियाई टीम छठे स्थान पर मौजूद है। सातवें नंबर वेस्टइंडीज, आठवें पर श्रीलंका, नौवें नंबर अफगानिस्तान और 10वें नंबर बांग्लादेश की टीम है। वहीं जिम्बाब्वे 12वें नंबर है।