विशाखापट्टनम में जीत की हैट्रिक के लिए खेलेगी टीम इंडिया (सुबह के लिए)
कोच्चि में खेला जाने वाला पहला एकदिवसीय मुकाबला बारिश में धुल गया था। इसे ध्यान में रखते हुए भारतीय टीम जहां टेस्ट से एकदिवसीय मूड में आने का प्रयास करेगी वहीं रिकी पोंटिंग की आस्ट्रेलियाई टीम निराशा से उबरते हुए दौरे की पहली जीत का प्रयास करेगी।
विशाखापट्टनम शहर से बाहर बनाए गए वीडीसीए मैदान पर भारत का अब तक का रिकार्ड अच्छा रहा है। उसने यहां खेले गए दोनों मुकाबले जीते हैं। पहले मुकाबले में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 58 रनों से पराजित किया था जबकि दूसरे मुकाबले में उसने श्रीलंका पर सात विकेट से जीत हासिल की थी।
तीन मैचों की श्रृंखला का तीसरा और आखिरी मैच 24 अक्टूबर को मडगाव में खेला जाएगा। इससे पहले खेले गए दो टेस्ट मैचों में भारत ने शानदार जीत दर्ज की थी। मोहाली में उसे एक विकेट से जीत मिली थी जबकि बेंगलुरू में उसने आस्ट्रेलिया को सात विकेट से पराजित किया था।
इस श्रृंखला में लगातार मिली हार के कारण रिकी पोंटिंग की कप्तानी की जमकर आलोचना हो रही है। इसे लेकर पोंटिंग भारी दबाव में हैं। टेस्ट श्रृंखला में उनका व्यक्तिगत प्रदर्शन अच्छा रहा था लेकिन अपने साथियों की नाकामी और काफी हद तक भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन को लेकर पोंटिंग काफी परेशान हैं।
अगले वर्ष भारत में विश्व कप खेला जाना है और इस लिहाज से यह श्रृंखला पोंटिंग के युवा साथियों के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकती थी लेकिन लगातार मिली हार ने आस्ट्रेलियाई टीम की रणनीति को तहस-नहस कर दिया है। ऐसे में पोंटिंग की टीम को अपनी विश्व कप की तैयारियों को नए सिरे से अंजाम देना होगा।
दूसरी ओर, टेस्ट श्रृंखला जीतने के बाद भारतीय खिलाड़ियों का मनोबल सातवें आसमान पर है। कोच्चि में मैच रद्द होने के बाद भारतीय खिलाड़ियों को जरूरी आराम भी मिल गया है और अब वे एक रोचक मुकाबले के लिए शारीरिक तथा मानसिक तौर पर तैयार हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications