काबुल : एक सवाल सभी के मन में था कि क्या तालिबान अफगानिस्तान पर कब्जा हो जाने के बाद क्रिकेट को पहल देगा या नहीं। हालांकि तालिबान ने जो क्रिकेट के प्रति दिलचस्पी दिखाने का काम किया, उससे उम्मीद जागी है। लेकिन महिला क्रिकेट का भविष्य यहां अभी भी अंधेरे में हैं, पर अफगानिस्तान की टीम तालिबान की देखरेख में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलती दिख सकती है। तालिबान ने इस साल के अंत में अफगानिस्तान के ऑस्ट्रेलिया दौरे को हरी झंडी दे दी है। इसके अलावा तालिबान ने भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज करवाने की भी बात कही है।
तालिबान ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज होने के बाद 2022 की पहली तिमाही में भारत के खिलाफ एक टेस्ट सीरीज होती देखना चाहता है। हालांकि बीसीसीआई का इसको लेकर अभी तक कोई बयान नहीं आया। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) के एक शीर्ष अधिकारी ने आगामी दौरों का ब्याैरा सामने रखा। एसीबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हामिद शिनवारी ने भी भारत दौरे के बारे में बात की। उन्होंने कहा, "तालिबान सरकार क्रिकेट का समर्थन कर रही है और हमारा सारा क्रिकेट कार्यक्रम के अनुसार आयोजित किया जाएगा। तालिबान सांस्कृतिक आयोग के एक प्रवक्ता ने हमें बताया कि तालिबान ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मैच का समर्थन करेगा, जिसके बाद 2022 की पहली तिमाही में भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज होगी।'' भारत और अफगानिस्तान ने 2018 में बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में केवल एक टेस्ट मैच में एक-दूसरे का सामना किया है।
यह भी पढ़ें - Test Ranking : रोहित ने कोहली को पछाड़ा, जो रूट बने नंवर-1 बल्लेबाज
तालिबान कर रहे हैं क्रिकेट का समर्थन
शिनवारी ने तालिबान द्वारा क्रिकेट को उनकी सर्वश्रेष्ठ क्षमता के समर्थन के बारे में भी बात की। लाल गेंद के खेल से पहले अफगान अक्तूबर-नवंबर में यूएई में खेले जाने वाले टी20 विश्व कप में हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा, "वे (तालिबान) क्रिकेट का समर्थन कर रहे हैं और हमें उनसे हरी झंडी मिल गई है। यह युवाओं के लिए एक स्पष्ट संदेश है कि वे खेलों का समर्थन करेंगे। यह सबसे अच्छा संकेत है।" हालांकि, वह अफगानिस्तान में महिला क्रिकेट के भविष्य को लेकर अनिश्चित रहे। उन्होंने कहा, "हम इस समय नहीं जानते। सरकार इस पर फैसला करेगी।"
अफगान भी संयुक्त अरब अमीरात में बहु-राष्ट्र टूर्नामेंट के लिए तैयारी प्रक्रिया के एक भाग के रूप में एक त्रिकोणीय श्रृंखला की योजना बना रहे हैं। उन्होंने कहा, "हम एक टी 20 त्रिकोणीय श्रृंखला के लिए काम कर रहे हैं, जिसमें अफगानिस्तान, वेस्टइंडीज और श्रीलंका शामिल होंगे। संभवत: टी20 वर्ल्ड कप से पहले इसका आयोजन यूएई में होगा। त्रिकोणीय श्रृंखला से पहले हमारी राष्ट्रीय टीम के लिए संभवत: कतर में एक शिविर होगा।''