हांगकांग के खिलाफ भारतीय टीम बड़ी जीत की उम्मीद के साथ मैदान में उतरी थी। इस उम्मीद को जिंदा रखते हुए भारतीय खिलाड़ियों ने दूसरे, चौथे, 18वें, 22वें, 37वें, 38वें और 48वें मिनट में गोल दागकर शानदार जीत दर्ज की।
भारत की ओर से ड्रैग फ्लिकर संदीप सिंह ने चौथे और 18वें मिनट में दो गोल किए जबकि तुषार खांडेकर ने 37वें, भरत चिकारा ने दूसरे, अर्जुन हलप्पा ने 38वें, शिवेंद्र सिंह ने 48वें और सरवनजीत सिंह ने 22वें मिनट में एक-एक गोल किया।
भारत को कुल पांच पेनाल्टी कार्नर मिले, जिसमें से वह तीन को गोल में तब्दील करने में सफल रहा। दो गोल संदीप ने किए जबकि एक गोल तुषार ने किया।
इसके अलावा बाकी के सभी गोल फील्ड गोल थे। दूसरी ओर, हांगकांग की टीम को तीन पेनाल्टी कार्नर मिले लेकिन वह एक भी मौके को भुना नहीं सका।
भारत को अपना दूसरा ग्रुप मैच मैच 20 नवम्बर को चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के साथ खेलना है। 2006 में दोहा में हुए एशियाई खेलों में भारतीय टीम पांचवें स्थान पर रही थी।
सोमवार को खेले गए एक अन्य मुकाबले में मलेशिया ने सिंगापुर को 3-0 से पराजित किया। ग्रुप-ए के इस मुकाबले में मलेशिया के लिए हाफिफिहानीज हानाफी, रहीम मोहम्मद और अजलान मिसरान ने एक-एक गोल किए।
एशियाई खेलों के लिए भारत को जापान, बांग्लादेश, पाकिस्तान और हांगकांग के साथ ग्रुप-बी में रखा गया है। ग्रुप-ए में मौजूदा चैम्पियन दक्षिण कोरिया, मलेशिया, सिंगापुर, ओमान और मेजबान चीन की टीमें हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*