सिडनी। विश्व कप में टीम इंडिया का विजय रथ जारी है। कप्तान धोनी की अगुवाई में टीम इंडिया ने आयरलैंड को 8 विकेट से हराकर विश्व कप में लगातार नौवीं जीत दर्ज की है। वहीं इस विश्व कप में भारत की यह लगातार पांचवी जीत है। आयरलैंड ने भारत के सामने 260 रनों का लक्ष्य था, जिसे उसने शिखर धवन (100) और रोहित शर्मा (64) के विकेट गंवाकर 36.5 ओवरों में हासिल कर लिया।
सलामी जोड़ी की शानदार वापसी
टीम इंडिया ने विश्व कप में पहले विकेट के लिए बेहतरीन 174 रनों की साझेदारी की। शिखर धवन ने विश्व कप में अपना दूसरा शतक लगाया, जबकि रोहित शर्मा ने अर्धशतक जड़कर अपने फार्म में वापसी के संकेत दे दिया है। वहीं विराट कोहली ने 44 और अजिंक्य रहाणे 33 रनों की नाबाद पारी खेली।
सभी मैचों में भारत ने झटके 10 में से 10 विकेट
इससे पहले आयरलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 49 ओवरों में 259 रन बनाए थे। आयरलैंड की ओर से नियाल ओ ब्रायन ने सबसे अधिक 75 रन बनाए जबकि कप्तान विलियम पोर्टरफील्ड के बल्ले से 67 रन निकले।
भारत की ओर से मोहम्मद समी ने तीन और रविचंद्रन अश्विन ने दो विकेट लिए। यही नहीं इस विश्वकप में अबतक हुए मुकाबलों में भारत की बेहतरीन गेंदबाजी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि भारतीय गेंदबाजों ने हर मैच में सभी 10 विकेट झटकने में सफलता प्राप्त की है।
कप्तान धोनी बने सुपर कप्तान
गौरतलब है कि भारतीय क्रिकेट टीम ने महेंद्र सिंह धौनी के नेतृत्व में आईसीसी विश्व कप में अब तक लगातार नौ मैच जीते हैं। धौनी ने सौरव गांगुली के लगातार आठ जीत के रिकार्ड को पीछे छोड़ा और वेस्टइंडीज के क्लाइव लॉयड की बराबरी की।
विश्व कप में सबसे अधिक लगातार जीत का रिकार्ड आस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग के नाम है। पोंटिंग की कप्तानी में आस्ट्रेलिया ने 1999 से 2011 के बीच लगातार 24 मुकाबले जीते हैं। इस दौरान आस्ट्रेलिया ने तीन बार विश्व खिताब जीता है।
जीत के सिकंदर हैं धोनी
वहीं महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भारत ने अब तक 14 मैच खेले हैं और 12 में जीत हासिल की है। एक मैच में उसे हार मिली है और एक टाई रहा है। 2011 विश्व कप में 20 मार्च को वेस्टइंडीज पर मिली 80 रनों की जीत के बाद से भारत ने लगातार नौ मैच जीते हैं। इस दौरान भारत ने श्रीलंका को हराकर 28 साल बाद खिताब भी जीता है।
सर्वाधिक मैचों में की टीम इंडिया की कप्तानी
इसके साथ ही इस जीत के बाद धोनी भारत के लिए सबसे अधिक एकदिवसीय मैचों में कप्तानी करने वाले कप्तान बन गए हैं। बतौर कप्तान धौनी का यह 175वां मैच था। इससे पहले मोहम्मद अजहरूद्दीन ने 1990 से 1999 के बीच भारत के लिए 174 मैचों में कप्तानी की थी। धौनी 2007 से भारतीय टीम के कप्तान हैं। वैसे अजहर के नाम 98 मैचों में लगातार कप्तानी करने का भारतीय रिकार्ड है। धौनी ने बिना ब्रेक के 69 मैचों में कप्तानी की है।
सौरव गांगुली (146) भारत के लिए 100 से अधिक मैचों में कप्तानी करने वाले तीसरे खिलाड़ी हैं। वैसे सबसे अधिक मैचों में कप्तानी का विश्व रिकार्ड पोंटिंग (230) के नाम है। धौनी इस सूची में पोंटिंग, स्टीफन फ्लेमिंग (218), अर्जुन रणातुंगा (193) और एलन बार्डर (178) के बाद पांचवें स्थान पर हैं।