मोहाली। भारत और श्रीलंका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मैच मोहाली में खेला गया। जहां भारत ने श्रीलंका को 141 रनों से शिकस्त देकर सीरीज 1-1 से बराबर कर ली। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने वो मुकाम हासिल किया है जिसके आजतक कोई भी टीम हासिल नहीं कर सकी है। जी हां, धर्मशाला में खेले गए पहले मैच में भारत को मुंह की खानी पड़ी थी। श्रीलंकाई तेज गेंदबाजों के सामने भारतीय टीम ताश के पत्तों क तरह बिखरती नजर आई। धर्मशाला में हुए पहले वनडे मैच में 7 विकेट की करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था। लेकिन रोहित शर्मा की अगुआई वाली टीम इंडिया ने दूसरे वनडे में कमाल कर दिया। जहां कप्तान रोहित शर्मा ने 153 गेंदों में 13 चौकों व 12 छक्कों की मदद से नाबाद 208 रन बनाए तो वहीं टीम इंडिया ने एक नया कीर्तिमान रच दिया।
दरअसल मोहाली वनडे में भारत ने 4 विकेट खोकर 392 रन बनाए। ये भारत का 100वां 300 से ज्यादा स्कोर था। इसी के साथ भारत वनडे क्रिकेट में 100 बार 300 प्लस का स्कोर बनाने वाली पहली टीम बन गई है। 300 प्लस का स्कोर बनाने के मामले में भारत के बाद ऑस्ट्रेलिया (96) दूसरे और दक्षिण अफ्रीका (79) तीसरे नंबर पर है।
बता दें कि इस मैच में रोहित शर्मा के अलावा अलावा भारत के लिए अपना दूसरा वनडे खेल रहे श्रेयस अय्यर ने तूफानी अंदाज में 70 गेंदों में 88 रनों की पारी खेली। इससे पहले ओपनल शिखर धवन ने भी शानदार 68 रनों की पारी खेल भारत को ठोस शुरुआत दी थी।