
चैंपियंस ट्रॉफी में सबसे अधिक 'रन आउट'
टीम इंडिया के कप्तान विराट ने जब पहली बार डाइव मारकर गेंद पकड़ी और अमला को रन आउट करने की कोशिश की तभी सभी खिलाड़ियों ने भी इस करो या मरो वाले मैच में जान लगा दी। चैंपियंस ट्रॉफी 2017 में भारत ने अपने तीन मैचों में अब तक 6 खिलाड़ियों को रन आउट किया है। इस टूर्नामेंट में किसी भी टीम के द्वारा यह सबसे अधिक रन आउट का रिकॉर्ड है। इस टूर्नामेंट में खेल रही आठ टीमों में से किसी भी टीम ने दो या उससे अधिक खिलाड़ियों को रन आउट नहीं किया है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टीम इंडिया ने 3 खिलाड़ियों को रन आउट किया।

दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ियों का रन आउट प्रेम
ऐसा लगता है कि बड़े मैचों में दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ियों को रन आउट होने की जल्दी रहती है। वर्ल्ड कप 2015 के ग्रुप मुकाबले में भी 22 फरवरी को मेलबर्न में भारत के खिलाफ खेले गए मुकाबले में भी एबी डिविलियर्स और डेविड मिलर रन आउट हुए थे। यह मुकाबला भारत ने 130 रनों से जीता था। शिखर धवन ने इस मैच में भी एक शानदार शतक जड़ा था और भारत ने सात विकेट पर 307 रन बनाए थे। -दक्षिण अफ्रीका की पारी 40.2 ओवर में 177 रन पर सिमट गई थी.फाफ डू प्लेसिस 55 रन के साथ अफ्रीका के लिए टॉप स्कोरर रहे थे और भारत के लिए आर अश्विन ने तीन विकेट लिए. मोहम्मद शामी और मोहित शर्मा के खाते में दो-दो विकेट आए थे। आज खेले गए मैच में भी दक्षिण अफ्रीका रन आउट के आगे चोक कर गए।

जारी है धवन का धमाका
पिछली बार (2013) चैंपियंस ट्रॉफी में धमाल मचाने वाले धवन का धमाका इस साल भी जारी है। उन्होंने एक शतक और दो अर्धशतक के साथ इस टूर्नामेंट में सबसे अधिक रन बना लिए हैं। पिछले साल उन्होंने कुल 363 रन बनाए थे और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी. इस साल अब तक टूर्नामेंट में उन्होंने सबसे अधिक 271 रन बना लिए हैं। 3 मैच की 3 पारियों में एक बार नाबाद रहते हुए उन्होंने 135.50 की औसत और 98.54 के स्ट्राइक रेट से 275 गेंदों में ये रन बनाए हैं जिसमें उन्होंने 33 चौके और 3 छक्के शामिल हैं।

'क्रिकेट के भगवान' का टूटा यह रिकॉर्ड
शिखर धवन ने आईसीसी टूर्नामेंट में सबसे तेज 1000 रन पूरे किए, उन्होंने महज 16वें मैच में 1000 रन का यह माइल स्टोन हासिल किया। उन्होंने क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ दिया जिन्होंने यह मुकाम हासिल करने के लिए 18 मैच खेले थे।आईसीसी टूर्नामेंट में सचिन तेंदुलकर 2718 रन, सौरव गांगुली 1671 रन, राहुल द्रविड़ 1487 रन, वीरेंद्र सहवाग 1232 रन और युवराज सिंह 1069 रन बना चुके हैं. टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने 27 मैचों में 939 रन बनाए हैं।

चार खिलाड़ियों का जर्सी नंबर एक जैसा
इसे संयोग कहें या कुछ और लेकिन भारत-दक्षिण अफ्रीका के मुकाबले में एक अजीब ही चीज देखने को मिली जो क्रिकेट में बहुत दुर्लभ ही देखने को मिलता है। दोनों टीमों के चार खिलाड़ियों का जर्सी नंबर बिल्कुल एक जैसा था। विराट-फैफ डुप्लेसिस का जर्सी नंबर (18), क्विंटन डि कॉक -युवराज का जर्सी नंबर (12), कगिसो रबादा-शिखर धवन का जर्सी नंबर (25) और आर अश्विन और इमरान ताहिर का जर्सी नंबर (99) था। टीम इंडिया की धमाकेदार जीत के बाद एक ट्विटर यूजर ने लिखा कि टीम इंडिया को इस टोटके की मदद से यह जीत मिली है।

टीम इंडिया को 4-0 की बढ़त
दक्षिण अफ्रीका ने चैंपियंस ट्रॉफी में भारत के खिलाफ अब तक कोई मैच नहीं जीता है। बड़े मैचों में 'चोक' करने वाली यह टीम किसी स्कोर का पीछा करते हुए धराशाई नहीं हुई बल्कि पहले बल्लेबाजी करते हुए महज 191 रन के स्कोर पर सिमट गई। 2000, 2002 और 2013 में खेले गए किसी भी मैच में दक्षिण अफ्रीका को जीत नहीं मिली और रविवार को खेले गए हाई वोल्टेज मुकाबले में भी उन्हें मात मिली। ICC के बड़े टूर्नामेंट (वर्ल्ड कप और मिनी वर्ल्ड कप) में अब तक हुए पांच मुकाबले में सभी मैचों में टीम इंडिया को जीत मिली है और चैंपियंस ट्रॉफी में भारत को अब 4-0 की बढ़त हासिल हो गई है।

बुमराह को ODI में पहला मैन ऑफ द मैच
टीम इंडिया की ओर से शानदार और कसी गेंदबाजी करने वाले जसप्रीत बुमराह को उनकी धारदार गेंदबाजी के लिए एक दिवसीय मैच में पहला मैन ऑफ द मैच अवार्ड दिया गया उन्होंने 8 ओवर में 28 रन देकर 2 महत्वपूर्ण विकेट लिया और एक छोड़ से भुवनेश्वर कुमार का साथ देते हुए दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों को बांधे रखा। ICC के किसी बड़े इवेंट में भी यह उनका पहला बड़ा अवार्ड है।

डिविलियर्स के लिए सबसे खराब टूर्नामेंट
दक्षिण अफ्रीका इस टूर्नामेंट में एक मात्र ऐसी टीम है जिसने 15 ओवर के खेल के बाद महज 3.97 के औसत से रन बनाए हैं। श्रीलंका के खिलाफ 55 वहीं पाकिस्तान और टीम इंडिया के खिलाफ 62 रन ही बना सकी। एक अच्छी शुरुआत न मिलने की वजह से वो बड़े स्कोर करने में विफल रहे। दक्षिण अफ्रीका ने टीम इंडिया के खिलाफ अपने आख़िरी 8 विकेट महज 51 रन बनाने में खो दिए। दक्षिण अफ्रीका ने पहले 29 ओवर में दो विकेट खोकर 140 रन बना लिए थे तब ऐसा लग रहा था कि वो बड़े स्कोर की तरफ बढ़ रहे हैं। डिविलियर्स ने चैंपियंस ट्रॉफी में 6.60 की औसत से कुल 20 रन बनाए हैं। किसी भी एकदिवसीय श्रृंखला में यह उनका तीन या उससे अधिक मैच खेलकर सबसे कम रन बनाने का रिकॉर्ड है. इस मैच से पहले उन्होंने टीम इंडिया के खिलाफ पिछले 7 एकदिवसीय पारियों में 4 शतक जड़े थे।

ऐसा करने वाले एकलौते खिलाड़ी हैं क्विंटन डी कॉक
इस मैच से पहले 500 से अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में क्विंटन डी कॉक एक मात्र ऐसे बल्लेबाज हैं जिनका औसत भारत के खिलाफ 74. 11 का है। उन्होंने इस मैच से पहले भारत के खिलाफ पिछली 9 पारियों में 5 शतक जड़े थे, आज उन्होंने भारत के खिलाफ अपना पहला अर्धशतक लगाया।

फिरकी में फंसे हाशिम अमला
चैंपियंस ट्रॉफी में हाशिम अमला का तेज गेंदबाजों के खिलाफ 113 का औसत रहा जबकि स्पिनर के खिलाफ उन्हें काफी मुश्किल का सामना करना पड़ा और वो महज 20.50 के औसत से ही रन बना सके। चोट से उबरने के बाद एक लंबे अंतराल के बाद अपना पहला एकदिवसीय खेल रहे अश्विन ने उन्हें अपनी फिरकी में फंसा लिया और टीम को पहली सफलता दिलाई।


Click it and Unblock the Notifications