
धोनी साबित होंगे अहम हथियार
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और मौजूदा समय में टीम के विकेट कीपर महेंद्र सिंह धोनी यूं तो तकरीबन हर टीम के लिए मुसीबत का सबब हैं, लेकिन श्रीलंका के लिए वह कुछ ज्यादा ही परेशानी का सबब हैं। महेंद्र सिंह धोनी के नाम श्रीलंका के खिलाफ सबसे अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड है, उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 2005 से 2013 के बीच खेले गए कुल 57 वनडे मैचों की 46 पारियों में 1086 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 61.35 रहा है। धोनी ने श्रीलंका के खिलाफ 2 शतक और 16 अर्धशतक लगाए हैं।

लंका के लिए धोनी सबसे बड़ी मुसीबत
महेंद्र सिंह धोनी ने का खौफ श्रीलंका के टीम के भीतर उस समय सबसे ज्यादा समा गया था जब उन्होंने अक्टूबर 2005 में लंका के खिलाफ धुंआधार 183 रनों की पारी खेली थी। इस पारी में धोनी ने श्रीलंका के गेंदबाजों की बखिया उधेड़ कर रख दी थी, यह धोनी के वनडे कैरियर की सबसे बड़ी पारी है। इसके अलावा 2011 के विश्वकप में जब भारत का सामना श्रीलंका से हुआ था तो धोनी ने 91 रनों की पारी खेली थी और इस जीत में धोनी की सबसे अहम भूमिका रही थी। धोनी ने इस मैच में आखिरी ओवर में श्रीलंका के गेंदबाजों को पस्त करते हुए भारत के झोली में बड़ी जीत डाली थी।

युवी का रिकॉर्ड शानदार
टीम इंडिया में यूं तो कई धुरंधर खिलाड़ी हैं लेकिन महेंद्र सिंह धोनी कई मायनों में इन खिलाड़ियों से जुदा हैं। अनुभव के लिहाज से देखे तो धोनी के सामने सिर्फ तीन ही खिलाड़ी मौजूदा टीम में टिकते हैं। युवराज सिंह ने श्रीलंका के खिलाफ 54 मैंचों में 48 पारियों के दौरान कुल 1393 रन बनाए और उनका औस 33.97 रहा है। इस दौरान युवी ने एक शतक और 9 अर्धशतक लगाए हैं।

लंका के खिलाफ कप्तान कोहली का कोई सानी नहीं
युवराज के बाद टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली का श्रीलंका के खिलाफ सबसे अधिक अनुभव है, उन्होंने लंका के खिलाफ 40 मैचों की 39 पारियों में कुल 1856 रन बनाए हैं, इस दौरान उनका औसत 56.24 का रहा है। लेकिन शतकों के मामले में कोहली सबसे आगे हैं, उन्होंने लंका के खिलाफ कुल 6 शतक और 10 अर्धशतक लगाए हैं।

रोहित शर्मा खेल चुके हैं सबसे बड़ी पारी
लेकिन एक बड़ा नाम टीम इंडिया में ऐसा है जिसने श्रीलंका के खिलाफ दोहरा शतक लगाया है, वह है रोहित शर्मा। लंका के खिलाफ रोहित शर्मा ने 36 मैचों की 35 पारियों में कुल 965 रन बनाए हैं। जिसमें से उनकी पहाड़ जैसी 264 रनों की पारी भी शामिल है। उन्होंने यह पारी कोलकाता में खेली थी जो वनडे इतिहास में सबसे बड़ी पारी है। श्रीलंका के खिलाफ रोहित शर्मा का औसत 34.46 रहा है।

जीत का मंत्र हैं धोनी
ऐसे में अगर युवी, कोहली और रोहित शर्मा के आंकड़ों को देखे तो कप्तान कोहली आंकड़ों के लिहाज से धोनी से बेहतर नजर आते हैं, लेकिन एक बड़ा दिलचस्प आंकड़ा है जो धोनी को कोहली से कहीं आगे ले जाता है। दरअसल धोनी ने जब भी श्रीलंका के खिलाफ 50 रन से अधिक की पारी खेली है तो भारत को जीत मिली है। धोनी ने श्रीलंका के खिलाफ 13 मैचों में 50 रनों से अधिक की पारी खेली है और इन सभी मैचों में भारत को जीत मिली है।

धोनी के आंकड़ों के आस-पास भी नहीं कोई
इसके अलावा एक और आंकड़ा है जो धोनी को अन्य खिलाड़ियों से श्रीलंका के खिलाफ आगे ले जाता है वह है लंका के खिलाफ सबसे अधिक बार नाबाद रहने का रिकॉर्ड। लंका के खिलाफ विराट कोहली 6 बार नाबाद रहे हैं, युवी 8 बार तो रोहित शर्मा 7 बार नाबाद रहे हैं। जबकि महेंद्र सिंह धोनी सर्वाधिक 12 बार नाबाद रहे हैं और इनमें से 10 बार उन्होने भारत को जीत दिलाई है। बतौर विकेट कीपर धोनी ने श्रीलंका के खिलाफ कुल 59 कैच पकड़े हैं और 19 खिलाड़ियों को स्टंपिंग के जरिए पवेलियन भेजा है।


Click it and Unblock the Notifications