भारतीय टीम के पूर्व डायरेक्टर रवि शास्त्री को भारतीय टीम का मुख्य कोच बनाए जाने की खबर का बीसीसीआई ने खंडन किया है। मीडिया में खबरें आईं थी कि रवि शास्त्री को 2019 विश्वकप तक भारतीय टीम का मुख्य कोच बनाया गया है। हालांकि अब बीसीसीआई के सेक्रेटरी अमिताभ चौधरी ने बयान देते हुए कहा है कि क्रिकेट एडवाइजरी कमेटी अभी कोच पद को लेकर विचार विमर्श कर रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस विषय में फैसला लिया जाएगा।
आपको बता दें कि भारतीय कप्तान विराट कोहली से विवाद के बाद अनिल कुंबले ने मुख्य कोच के पद से इस्तीफा दे दिया था। जिसके बाद बीसीसीआई ने नए कोच के लिए आवेदन जारी किए थे।
गौरतलब है कि रवि शास्त्री को कप्तान विराट कोहली की पसंद माना जा रहा है। कप्तान कोहली ने भी उन्हीं के नाम पर हरी झंडी दी थी। आपको बता दें कि अभी भारतीय टीम के मुख्य कोच को चुनने के लिए क्रिकेट अडवाइजरी कमेटी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस कमेटी में तीन पूर्व भारतीय दिग्गज सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली और वीवीएस लक्ष्मण शामिल हैं। इन्होंने 6 लोगों का इंटरव्यू लिया था।
हालाकि बीसीसीआई को कोच पद के लिए 10 आवेदन मिले थे। जिसमें रवि शास्त्री, वीरेंद्र सहवाग, टॉम मूडी, रिचर्ड पायबस, डोडा गणेश, लालचंद राजपूत, लांस क्लूजनर, राकेश शर्मा (ओमान नैशनल टीम कोच), फिल सिमंस और उपेंद्र ब्रह्मचारी (इंजिनियर, क्रिकेट का बैकग्राउंड नहीं) के नाम शामिल थे।