ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारत की हार का सिलसिला लगातार जारी है। चौथा वनडे टीम इंडिया 25 रन से हार गयी है। चौथे वनडे में ऑस्ट्रेलिया के 348 रन के जवाब में पूरी टीम 323 रन के स्कोर पर ऑलआउट हो गयी। टॉस जीतकर ऑस्ट्रेलिया ने भारत के सामने 349 रन का लक्ष्य रखा था। इस लक्ष्या का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने जबरदस्त शुरुआत की। रोहित शर्मा और शिखर धवन ने पहले विकेट के लिए 65 रन जोड़े और उसके बाद रोहित 41 रन के स्कोर पर आउट हो गये।
वहीं दूसरे विकेट के लिए धवन और कोहली ने जबरदस्त साझेदारी की और दोनों ही खिलाड़ियों ने शतक जड़ा। धवन ने जहां 126 रन की जबरदस्त पारी खेली तो वहीं कोहली ने 92 गेंदों पर 106 रन बनाये। लेकिन धवन और कोहली के आउट होने के बाद टीम इंडिया के सभी खिलाड़ी 56 पर आउट हो गये। सात खिलाड़ी दहाई का भी आंकड़ा नहीं पार कर सके। टीम इंडिया के कप्तान धोनी तीन गेंदों पर 0 के स्कोर पर पवेलियन लौट गये।
एक तरफ जहां रवींद्र जडेजा क्रीज पर जमे रहे तो दूसरे छोर पर लगातार विकेटों के गिरने का सिलसिला जारी रहा। जडेजा 24 रन के स्कोर पर नाबाद लौटे। ऑस्ट्रेलिया के केन रिचर्डसन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए दस ओवर में 68 रन देकर पांच विकेट झटके। जबकि जॉन हेस्टिंग्स औऱ मिचेल मार्श ने 2-2 विकेट हासिल किये। इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया इस सीरीज में लगातार चौथी जीत दर्ज की है।
इससे पहले बल्लेबाजी करने उतरी कंगारू टीम की ओर से एरॉन फिंच ने शानदार 107 रन बनाये। जबकि डेविड वार्नर ने 93 रन की पारी खेली। टीम इंडिया की ओर से कोई भी गेंदबाज किफायती गेंदबाजी नहीं कर सका। इशातं शर्मा ने सर्वाधिक 4 विकेट लिये लेकिन उन्होंने 10 ओवर में 77 रन खर्च किये। जबकि भुवनेश्वर कुमार ने 8 ओवर में 69 लुटाये।