क्लार्क ने बताया उस खिलाड़ी का नाम जो टीम इंडिया को दिलाएगा विश्व कप
नई दिल्ली। यूं तो इंग्लैंड क्रिकेट टीम को आईसीसी विश्व कप 2019 का खिताब जीतने का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। इसके भी दो कारण हैं- पहला कि विश्व कप उनके घर में जबकि दूसरा कि टीम माैजूदा समय में खतरनाक फाॅर्म से गुजर रही है। लेकिन भारतीय क्रिकेट टीम भी खिताब पाने की रेस में पीछे नहीं हैं। पूर्व आस्ट्रेलियाई कप्तान माइकल क्लार्क का मानना है कि भारत विश्व कप जीत सकता है, इंग्लैंड नहीं। उन्होंने उस खिलाड़ी का नाम भी बताया जो भारत को खिताब दिलाएगा।

बुमराह जितवाएंगे खिताब
आस्ट्रेलिया को 2015 विश्व कप दिलाने वाले क्लार्क ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया शीर्ष तीन में होंगे, केविन पीटरसन और माइकल वॉन चाहे जो कहें, कप इंग्लैंड नहीं जीतने वाला। उनका कहना है कि भारत खिताब जीतेगा जिसमें तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह अहम योगदान निभाएंगे। क्लार्क ने कहा, ‘बुमराह के पास सब कुछ है। वह फिट और स्वस्थ हैं। वह वर्ल्ड कप में भारत की सफलता की कुंजी होंगे।'

इसलिए खतरनाक हैं बुमराह
क्लार्क ने यह भी बताया कि आखिर क्यों बुमराह खतरनाक हैं। उन्होंने कहा कि नई गेंद से वह स्विंग और सीम दोनों ले सकते हैं। बीच के ओवर्स में जब मदद नहीं मिलती तब वह अतिरिक्त रफ्तार से बल्लेबाजों को परेशान कर सकते हैं।' उन्होंने कहा,‘वह 150 की रफ्तार से गेंद डाल सकते हैं। उनके यॉर्कर शानदार हैं और रिवर्स स्विंग मिलने पर वह जीनियस हैं। क्लार्क ने कहा कि एक कप्तान को ऐसा ही गेंदबाज चाहिए जो जरूरत के समय विकेट दिलाए। वह गेंदबाजी की शुरूआत कर सके, 35वां ओवर डाल सके और डेथ ओवर भी। जो भारत को वर्ल्ड कप फाइनल जिता सके।

ये खिलाड़ी बनाएगा सर्वाधिक रन
उन्होंने कहा कि बुमराह को ऑस्ट्रेलिया खासकर वॉर्नर से चुनौती मिलेगी जो छह मैचों में 447 रन बना चुके हैं। उन्होंने कहा कि मुझे वॉर्नर से इसी तरह के प्रदर्शन की उम्मीद थी क्योंकि वह असाधारण खिलाड़ी हैं। वह टीम का एक्स फैक्टर हैं। ऑस्ट्रेलिया अगर वर्ल्ड कप जीतता है तो डेविड वॉर्नर सबसे ज्यादा रन बनाएंगे। बता दें कि बुमराह डेथ ओवरों के स्पेशल गेंदबाज बन चुके हैं। उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ भी अपनी याॅर्कर से भारत की ओर मैच मोड़ा था। वह 4 मैचों में 7 विकेट झटक चुके हैं।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
