नयी दिल्ली (ब्यूरो)। क्रिकेट विश्वकप के लिए टीम इंडिया की नई ड्रेस लांच कर दी गई है। इसी ड्रेस को पहन कर टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया में शुक्रवार से शुरु हो रही त्रिकोणीय श्रृंखला में उतरेगी। टीम इंडिया की जर्सी है तो चर्चा लाज़मी है मगर इसमें एक बेहद खास बात है जिसे जानकर आप हैरान रह जाएंगे। खास बात ये है कि टीम इंडिया की यह नई ड्रेस प्लास्टिक की पुरानी बोतलों से तैयार की गई है।
जी हां टीम इंडिया की ड्रेस के आधिकारिक प्रायोजक नाइकी द्वारा तैयार की गई टीम इंडिया का प्रत्येक किट औसतन 33 रिसाइकिल की गयी प्लास्टिक की बोतलों से तैयार की गई है। इस ड्रेस की खासियत के बारे में नाइकी ने बताया कि ये लेटेस्ट डिजाइन के साथ तैयार की गई है। इन्हें बनाने से पहले मैदान पर टीम इंडिया के क्रिकेटरों के लय और गति के आंकड़े जुटाए गए ताकि टीम को अपना सर्वश्रेष्ठ देने में मदद मिले।
किट को बनाने में नाइकी ड्राई-फिट तकनीक का इस्तेमाल किया गया है जो शरीर के तापमान को नियंत्रित करने में मदद करती है इससे क्रिकेटर अधिक-से-अधिक अपने खेल पर ध्यान केंद्रित कर सकेंगे। टीम इंडिया के कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी ने जर्सी की तारीफ करते हुए कहा कि टीम इंडिया की नई पोशाक हल्की, आरामदायक और नए प्रयोगों से लैस है, जिससे खेल के मैदान में खिलाड़ियों का ध्यान न हटे। यह बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि मैच जिताऊ पारी या विकेट के बीच बहुत कम अंतर होता है।