'आउट नहीं होता तो नतीजा कुछ और होता', नवदीप सैनी हुए निराश
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ शनिवार ऑकलैंड में खेले दूसरे वनडे मैच में 22 रनों से हार का सामना करना पड़ा। इसी के साथ न्यूजीलैंड ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजय बढ़त भी बना ली। हालांकि भारत ने आसानी से हार नहीं मानी। निचले क्रम पर नवदीप सैनी ने आठवें विकेट के लिए रविंद्र जडेजा के साथ 76 रन की भागीदारी निभाई। लेकिन जैसी ही सैनी आउट हुए तो मैच दूर चला गया। हार के बाद निराश दिखे सैनी ने कहा कि अगर वो आउट ना होते तो कुछ और होता।
सैनी ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ''जब मैं जाकर वीडियो देखूंगा तो मुझे पछतावा होगा। अगर मैं आउट नहीं होता तो शायद नतीजा कुछ ओर होता। उन्होंने कहा कि हमें लगा कि विकेट सपाट था और अगर हम अंत तक रहते तो मैच करीबी हो सकता था। इसलिए हम जितना संभव हो उतना योगदान देने की कोशिश कर रहे थे और मैच को अंत तक ले जाने के प्रयास में थे। जडेजा ने मुझे कहा कि अगर तुम्हें बाउंड्री लगाने के लिए गेंद मिलती है तो ऐसा करना। वर्ना एक या दो रन लेते रहना और संयमित बने रहो, हम मैच को अंत तक ले जा सकते हैं।
सैनी ने 49 गेंद में 45 रन की पारी खेली जिसमें पांच चौके और दो छक्के जड़े थे। इस तेज गेंदबाज ने कहा मैं सोच रहा था कि मुझे लंबे समय बाद बल्लेबाजी का मौका मिल रहा है। जैसे ही मैंने बाउंड्री लगाई मैं हैरान हो गया कि गेंद अच्छी तरह बल्ले पर आ रही थी। टीम की जरूरत के समय रन जुटाने में योगदान करना अहम है। उन्होंने कहा कि यह अच्छी चीज है कि निचला क्रम इस तरह खेल रहा है। अगर हर कोई प्रदर्शन करता है तो इसे टीम प्रयास कहा जाता है। अगर बल्लेबाज रन नहीं जुटा पाते तो गेंदबाजों को अच्छा करना चाहिए। अगर गेंदबाज विकेट नहीं चटका रहे तो क्षेत्ररक्षकों को मदद करनी चाहिए और आखिर में यह एक टीम गेम है।
बता दें कि जीत के लिए मिले 274 रनों का पीछा करते हुए भारत की पारी 48.3 ओवरों में 251 रनों पर सिमट गई। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत खराब रही और विकेट गिरने का जो सिलसिला जारी रहा वह तब रुका जब जडेजा और सैनी ने एक सनसनीखेज पार्टनर्शिप की लेकिन सैनी के बोल्ड होने के बाद भारतीय यह अर्धशतकीय साझेदारी भी ध्वस्त हो गई। भारत की ओर से जडेजा (55) और श्रेयस अय्यर (52) ने अर्धशतकीय पारी खेली जबकि सैनी ने निचले क्रम पर 45 रनों का योगदान दिया। जडेजा और सैनी के बीच 8वें विकेट के लिए 76 रनों की साझेदारी ने मैच को अंत तक रोमांचक बनाए रखा लेकिन जीत अततः कीवियों को नसीब हुई। न्यूजीलैंड के सभी गेंदबाजों ने बढ़िया गेंदबाजी की और हमिश बेनेट, टिम साउदी, काईल जेमीसन और कॉलिन डि ग्रैंडहोम को 2-2 विकेट मिले जबकि एक विकेट जेम्स नीशन को मिला।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
