
ipl 10 में बहुत कुछ हुआ खास
लगभग दो महीने तक भारतीय दर्शकों के मनोरंजन का साधन बन चुके इस फटाफटी क्रिकेट में कई ऐसे शानदार रिकॉर्ड बने जो आईपीएल इतिहास के स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो गए। कुछ तो आपको याद होंगे और कुछ जिनपर आप ध्यान नहीं दे पाए। आइए एक नजर में हम आपको लिए चलते हैं IPL 2017 की कुछ सुनहरी यादों में।

मैदान पर 200% देने वाला 'रन मशीन' वार्नर
क्रिकेट के इस प्रारूप में सबसे अधिक बल्लेबाजों की चलती है इसलिए सबसे पहले बात उस खिलाड़ी की जिन्होंने अपने हर मैच में मैदान पर अपना 200 प्रतिशत दिया। हैदराबाद के कप्तान और दुनिया के विस्फोटक बल्लेबाजों में से एक डेविड वार्नर,14 मैच की 14 पारियों में 3 बार नाबाद रहकर पूरे टूर्नामेंट में सबसे अधिक 641 रन बनाए, जिसमें उनका एक शानदार शतक भी शामिल है। साल 2016 की चैंपियन टीम हैदराबाद इस क्वालीफ़ायर में हारकर बाहर गई लेकिन इन्होंने अपने खेल से सबका दिल जीता। इस आईपीएल में अब तक सबसे अधिक 26 छक्के इनके ही नाम हैं और इतने ही छक्के पंजाब के कप्तान मैक्सवेल ने भी लगाए हैं। आईपीएल के 10 साल के इतिहास में विराट कोहली ने सबसे अधिक 973 (2016 में) रन बनाए हैं जिसमें उनके चार शतक शामिल हैं वहीं वार्नर ने कुल 848 रन बनाए थे।

किल्ले उखाड़ने में 'माहिर' बने भुवी
जहां इस आईपीएल में बल्लेबाजों का बोलबाला रहा वहीं हैदराबाद के गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने अपनी चतुर, चालाक और चपल गेंदबाजी से सर्वाधिक विकेट लेने का कारनामा किया। उन्होंने 14 मैचों में सर्वाधिक 26 विकेट लिए हैं और अभी तक पर्पल कैप के दावेदार हैं। साल 2016 में भी इन्हें ही इस खिताब से नवाजा गया था और इस साल भी इनका पीछा करने वाला कोई दिख नहीं रहा। पंजाब के खिलाफ उन्होंने आईपीएल करियर में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दिया और 19 रन देकर 5 विकेट अर्जित किए। यह आईपीएल में उनका पहला फाइफर था।

क्वालीफायर में टिकट पाने वाली पहली टीम बनी मुंबई
आईपीएल के फाइनल में पहुंचने के लिए भले ही मुंबई को थोड़ा इंतजार करना पड़ा, लेकिन प्ले-ऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम मुंबई ही थी। शुरुआती मैचों में लचर प्रदर्शन करने के बाद मुंबई ने अपने घरेलू मैदान पर लगातार 5 मैच जीते। दिल्ली को महज 66 रनों समेटकर और 146 रनों से एक बड़ी जीत हासिल कर मुंबई ने इस आईपीएल के प्ले-ऑफ दौर में पहुंचने का गौरव हासिल किया। मुंबई की सबसे बड़ी ताकत बनी उनकी बेंच स्ट्रेंथ और पिछले सत्र में पूरे सीजन बेंच पर बैठे आक्रामक बल्लेबाज नीतीश राणा जिन्होंने चोटिल होने से पहले 13 मैचों में 333 रनों की पारी खेली और अपनी टीम को कई अहम मैच जिताए।

सबसे तेज बल्ला किसने भांजा
फटाफट क्रिकेट में उस खिलाड़ी की सबसे अधिक बोली लगती है जो सबसे तेज रन बनाता हो या फिर ऑल राउंडर हो। इस आईपीएल के 'मिलियन डॉलर बेबी' थे बेन स्टोक्स, जिन्हें पुणे ने 12 करोड़ में खरीदा था लेकिन सबसे तेज बल्ला भांजने यानी रन बनाने में नाम शुमार हुआ है क्रिस लिन का। इन्होंने चोटिल होने की वजह से सिर्फ 7 मैच खेले जिसमें इन्होंने 25 चौके और 19 छक्के की मदद से 163 गेंदों में 295 रन बनाए। जिनमें 3 अर्धशतक भी शामिल हैं। आईपीएल में एक बल्लेबाज के तौर पर KKR के सरप्राइज बम निकले सुनील नारायण जिन्हें गंभीर ने एक पिंच हिटर की तरह इस्तेमाल किया और उन्होंने भी कई मैचों में उपयोगी पारियां खेलीं। 16 मैच की 14 पारियों में 130 गेंदों का सामना कर 34 चौके और 10 छक्के की मदद से 224 रन बनाए, जो एक फुल टाइम गेंदबाज के लिहाज से बढ़िया माना जाएगा। गंभीर का एक ऐसा इक्का जो कुछ मैच में चले कुछ में फ्लॉप रहे।

सबसे तेज, सबसे पहले (किसने लहराया अपना बल्ला )
आईपीएल 2017 में अब तक 5 शतक लग चुके हैं। लेकिन इस सीजन का सबसे पहला शतक (102) जड़ा दिल्ली डेयरडेविल्स के युवा खिलाड़ी संजू सैमसन ने। उन्होंने पुणे के खिलाफ महज 62 गेंदों में 5 चौके और 8 गगनचुंबी छक्कों से अपने टी-20 करियर का पहला शतक जड़ दिया। इस आईपीएल में संजू एक मात्र ऐसे भारतीय खिलाड़ी हैं जिन्होंने शतक जड़ा है बांकी चार शतक विदेशी खिलाड़ियों के बल्ले से निकले। हैदराबाद के कप्तान डेविड वार्नर ने इस आईपीएल में सबसे तेज महज 43 गेंदों में 8 चौके और 10 छक्कों से अपना शतक पूरा किया। 12 करोड़ी बेन स्टोक्स ने भी एक शतक लगाकर अपनी टीम को जीत दिलाई।

पंजाब के लिए पनौती साबित हुआ अमला का शतक!
मॉडर्न डे क्रिकेट में ऐसा कहा जाता है कि हाशिम अमला एक ऐसे बल्लेबाज हैं जिनकी 'क्रिकेट डिक्शनरी' में दुनिया के हर शॉर्ट्स हैं। पंजाब की टीम की ओर से खेल रहे अमला ने पूरी दुनिया को दिखाया कि वो सिर्फ टेस्ट और ODI ही नहीं बल्कि टी-20 के इस प्रारूप के भी बादशाह हैं, लेकिन इसे दुर्योग ही कहें कि उनका हमला उनकी टीम के काम नहीं आ सका। इस आईपीएल में दो शतक जड़ने वाले वो एक मात्र खिलाड़ी हैं लेकिन उनके दोनों शतक टीम को जीत नहीं दिला सके। उनका तीन सर्वश्रेष्ठ स्कोर (हैदराबाद के खिलाफ 96, परिणाम-हार, मुंबई के खिलाफ 104, परिणाम-हार, गुजरात के खिलाफ 104, परिणाम-हार) किसी भी मैच में उनकी टीम की जीत सुनिश्चित नहीं कर पाया। यहां तक कि अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट (टी-20) में भी उनका सर्वाधिक स्कोर 97 है जिसमें भी उनकी टीम हार ही मिली थी।

किसने फेंकी सबसे तेज गेंद और सबसे महंगा ओवर
आईपीएल में इस बार गेंदबाजों ने भी खूब धमाल मचाया है, दिल्ली के पैट कमिंस ने सबसे तेज 153.56 KMPH की रफ़्तार से गेंद फेंका वहीं शीर्ष-10 में वरुण ऐरॉन एक मात्र ऐसे भारतीय गेंदबाज हैं जिन्होंने 150.12 का कांटा छुआ है। अशोक डिंडा एक मात्र ऐसे गेंदबाज हैं जिन्होंने एक ओवर में सर्वाधिक 28 रन लुटाए। मुंबई के ऑल राउंडर हार्दिक पांड्या ने चार छक्के और एक चौके जड़े। डिंडा का यह ओवर आईपीएल-2017 का सबसे महंगा ओवर है।

सबसे कम उम्र में MOM पाने वाला पहला खिलाड़ी
दुनिया के नंबर एक ऑफ स्पिनर आर. अश्विन का चोटिल होना वाशिंगटन सुंदर के लिए वरदान साबित हो गया। आईपीएल में बोली नहीं लगने के बाद पुणे ने इन्हें अपनी टीम में शामिल किया। धोनी ने इन्हें घरेलू क्रिकेट में खेलते हुए देखा था और इनकी गेंदबाजी पर नेट प्रैक्टिस भी कर चुके थे जिसके बाद उन्होंने इस खिलाड़ी की काफी सराहना की थी। नाम के ठीक अनुरूप सुंदर ने अपनी टीम को क्वालीफायर मुकाबले में एक महत्वपूर्ण और शानदार जीत दिलाकर रातों-रात चमक गए। 4 ओवर में सिर्फ 16 रन देकर मुंबई के तीन चोटी के बल्लेबाजों को आउट करने वाला यह खिलाड़ी आईपीएल इतिहास में सबसे कम उम्र (17 साल 223 दिन) में मैन ऑफ द मैच का खिताब हासिल करने वाले खिलाड़ी भी बन गया। इससे पहले कामरान खान (18 साल 44 दिन) के नाम यह रिकॉर्ड दर्ज था।

जिन्होंने अपनी गेंदबाजी में दिखाया दम
KKR के सुनील नारायण ने इस आईपीएल में सबसे अधिक डॉट गेंदें यानि बल्लेबाज को छकाया है, उन्होंने 16 मैच में 354 में से 133 गेंदें ऐसी फेंकी जिस पर कोई रन नहीं बना। वहीं पुणे के लोकी फर्गुसन ने निर्धारित 24 में से 17 गेंदें डॉट फेंकी। आईपीएल का यह साल पुणे के जयदेव उनादकट के लिए खासा अहम रहा, वो एक मात्र ऐसे गेंदबाज हैं जिन्होंने सबसे अधिक 3 ओवर मेडन फेंके हैं और मात्र 11 मैच में 22 विकेट झटके हैं। आईपीएल करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए उन्होंने भी 30 रन देकर 5 सफलताएं अर्जित की। एंड्र्यू टाय और भुवनेश्वर के बाद उन्होंने भी इस सत्र में फीफर (एक मैच में 5 विकेट) लिया।

इस आईपीएल में हैट्रिक की हुई 'हैट्रिक'
आईपीएल-2017 में अब तक तीन हैट्रिक बन चुके हैं। RCB के सैमुअल बद्री इस आईपीएल में हैट्रिक लेने वाले पहले गेंदबाज बने। ठीक उसी दिन गुजरात लायंस के एंड्र्यू टाय ने अपने डेब्यू मैच में हैट्रिक लेने का कारनामा किया। आईपीएल इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ जब एक दिन में दो अलग-अलग गेंदबाजों ने हैट्रिक ली। जयदेव उनादकट एक मात्र भारतीय गेंदबाज हैं जिन्होंने इस आईपीएल में हैट्रिक लिया है।
आईपीए के ये सभी आंकड़ें फाइनल से पहले के हैं, रविवार को मुंबई और पुणे के बीच फाइनल खेला जाएगा।


Click it and Unblock the Notifications
