नई दिल्ली। आईपीएल का यह सीजन युवाओं के लिए बेहद खास है, इस सीरीज में युवाओं ने अपने प्रदर्शन से गेंदबाजी और बल्लेबाजी में कमाल किया है। सोमवार को चेन्नई सुपरकिंग और दिल्ली डेयरडेविल्स के बीच खेले गए शानदार मुकाबले में भले ही दिल्ली की टीम यह मुकाबला हार गई हो लेकिन युवा बल्लेबाज ऋषभ पंत की शानदार अर्धशतकीय पारी ने सभी का दिल जीत लिया।पंत ने दिल्ली की ओर से सबसे ज्यादा 79 रन बनाए। गौरतलब हो की पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई की टीम ने दिल्ली को 212 रनों का लक्ष्य दिया था। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की टीम शुरुआत से ही लड़खड़ाती नजर आई, हालांकि ऋषभ पंत और विजय यादव ने अच्छी बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली के खेमे में कुछ उम्मीद जरूर जताई लेकिन वो अपनी टीम को यह मुकाबला जिता नहीं पाए लेकिन इस मैच में ऋषभ की बल्लेबाजी ने सभी का दिल जीत लिया।
पंत के शॉट पर हर कोई रहा हैरानः ऋषभ पंत ने अपनी शानदार पारी के दौरान कई ऐसे शॉट लगाए जिसे देखकर मैदान में हर कोई हैरान रह गया। दरअसल अपने शॉट में कई बार पंत जमीन पर लेट जा रहे थे जो मैदान में दर्शकों के लिए काफी रोचक था। दरअसल 16वें ओवर में आईपीएल में इस सीजन डेब्यू करने वाले आसिफ की गेंद पर पंत ने एक ऐसा शॉट खेला जिसे देखकर सभी के साथ-साथ गेंदबाज आसिफ भी हैरान रह गए, असल में पंत ने जमीन पर लेटते हुए गेंद को सीमारेखा के बाहर पहुंचा दिया।
गौरतलब हो की चेन्नई की तरफ से शानदार बल्लेबाजी करते हुए वाटसन ने सबसे ज्यादा 78 रन बनाए थे। वहीं कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने भी शानदार नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली थी,लेकिन इतने बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की टीम को उनके सलामी बल्लेबाज शुरुआत नहीं दिला सके,जिस वजह से दिल्ली की टीम यह मुकाबला 13 रनों से हार गई। गौरतलब है की अगर दिल्ली को इस खेल में बने रहना है तो अब आने वाले हर मुकाबले उन्हें जीतने होंगे।