शारजाह, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। इंग्लैंड में दृष्टिहीन खिलाड़ियों की क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज नाथन फ्वॉय को उम्मीद है कि वह रविवार से आरंभ हो रही दृष्टिहीन क्रिकेटरों की श्रृंखला में अपने करियर को तीसरा दोहरा शतक जड़ देंगे।
फ्वॉय इंग्लैंड की टीम के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज हैं और वह अब तक 1,500 से अधिक रन बना चुके हैं। वह पूरी तरह से दृष्टिहीन हैं लेकिन उनमें रन बनाने की भूख है। ऐसे में वह एक बार फिर पाकिस्तान के खिलाफ आरंभ हो रही श्रृंखला में ज्यादा से ज्यादा रन बटोरना चाहते हैं।
दुबई से प्रकाशित समाचार पत्र 'गल्फ न्यूज' के साथ बातचीत में फ्वॉय ने कहा, "मैं पैदाइशी दृष्टिहीन हूं। मैं वर्ष 2000 से क्रिकेट खेल रहा हूं और 2001 से अपने देश इंग्लैंड का प्रतिनिधित्व कर रहा हूं।"
फ्वॉय ने कहा, "वर्ष 2002 में हुए दृष्टिहीन क्रिकेटरों के विश्व कप में मैंने पाकिस्तान के खिलाफ पहली 232 रन बनाए थे। इसके बाद वर्ष 2008 में मैंने आस्ट्रेलिया के खिलाफ भी दोहरा शतक लगाया। अब मैं अपना तीसरा दोहरा शतक लगाना चाहता हूं। उम्मीद है कि मैं शारजाह में ऐसा कर पाऊंगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।