'कॉफी विद करण' विवाद में 'सजा' मिलने के बाद हार्दिक पांड्या ने भरा आधा जुर्माना
नई दिल्ली। साल 2018 भारतीय स्टार ऑलराउंडर के लिए बहुत यादगार नहीं रहा था लेकिन नए साल के साथ हार्दिक ने अपने अच्छे समय की रफ्तार दोबारा पकड़ ली है। 'कॉफी विद करण' नाम के टॉक शो में गलत बयानबाजी कर रातो-रात विलेन बने पांड्या ने ना केवल निलंबन झेला था बल्कि उनकी पुरानी कमर की चोट ने भी उनको तकलीफें कम नहीं दी। हालांकि अब सब ठीक हो चुका है और पांड्या आईपीएल के मौजूदा सीजन में मुंबई इंडियंस के हीरो बनकर उभरे हैं। विश्व कप से पहले यह टीम इंडिया के लिए बहुत शानदार संकेत है।
इसके अलावा 'कॉफी विद करन' का मामला भी अब पूरी तरह से बंद हो चुका है। पिछले दिनों बीसीसीआई के लोकपाल ने हार्दिक पांड्या और केएल राहुल को इस मामले में 20-20 लाख रुपए जुर्माना भरने की सजा सुनाई थी। जिसमें से 10 लाख रुपए दृष्टीहीन क्रिकेट एसोसिएशन (CAB) को और 10 लाख रुपए पैरा मिलिट्री फोर्स के शहीद जवानों की विधवाओं को दिए जाने थे।
मुंबई मिरर की रिपोर्ट के मुताबिक पांड्या ने CAB के फंड में 10 लाख रुपये पहले ही जमा करा दिए हैं लेकिन शहीदों को विधवाओं को उन्होंने अब तक कोई पैसा नहीं दिया है। खबरों के मुताबिक पांड्या इस मामले में यह तय नहीं कर पा रहे हैं कि किन विधवाओं को यह पैसा दिया जाए जो सबसे ज्यादा जरूरतमंद हैं। इसके लिए पांड्या बीसीसीआई के अधिकारियों की सहायता ले रहे हैं।
जहां तक केएल राहुल की बात है तो अभी तक यह पता नहीं लगाया जा सका है कि इस खिलाड़ी ने अपने हिस्से के 20 लाख रुपए जमा किए हैं या नहीं। आपको बता दें कि दोनों खिलाड़ी आईपीएल में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। केएल राहुल इस लीग में किंग्स इलेवन पंजाब की ओर से खेलते हैं।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
