नई दिल्ली। ऋषभ पंत और कंगारू कप्तान टिम पेन के बीच हुई नोक-झोंक सीरीज की प्रमुख मजाकिया विवादों में से एक रही है। चाहे पंत की बल्लेबाजी के समय टिम पेन द्वारा उनको ये कहकर चिढ़ाना हो कि धोनी वापस आ गए हैं (यानी टीम में तुमको नहीं लिया गया है), या चाहे पंत को अपने बच्चों की देखभाल करने के लिए बोलना हो और फिर उसके बाद पंत का पेन को टेंपररी कप्तान कहना, दोनों की बातों ने सुर्खियां बटोरी। आधुनिक तकनीक में वैसे भी स्टंप के आसपास की गई बातों को माइक्रोफोन तुरंत पकड़ लेता है और फिर शुरू होता है चुटीली बातों के वीडियो वायरल होने का सिलसिला।
एक ऐसा ही वीडियो खासा वायरल हुआ था जिसमें पंत को पेन द्वारा बेबीसीटर कहा गया था। ये वाक्या बॉक्सिंग डे टेस्ट का था। फिर सिडनी टेस्ट से पहले दोनों टीमों के खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री के साथ एक समारोह में मिले थे। इसी मौके पर पंत को पेन के परिवार के साथ मुलाकात करने का मौका मिला था। इस दौरान पंत ने पेन के बच्चों को गोदी में उठा लिया था जिसके बाद पेन की पत्नी ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर इसकी एक फोटो शेयर करते हुए कैप्शन में मजाकिया अंदाज में लिखा था- बेस्ट बेबीसीटर!
Great stuff here from Tim Paine on the new family babysitter and the banter out in the middle! #AUSvIND pic.twitter.com/faCM6EQHLT
— cricket.com.au (@cricketcomau) January 2, 2019
इस वायरल फोटो की हर जगह काफी तारीफ हुई थी। सभी प्रमुख हस्तियों ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी लेकिन खुद टिम पेन अभी तक इस मामले पर चुप थे। लेकिन अब मीडिया के पूछने पर पेन ने भी अपनी प्रतिक्रिया दे दी है। पेन ने कहा कि यह दिलचस्प था। हम लोग प्रधानमंत्री निवास पर गए थे। वहीं पर पंत से जल्दी में मुलाकात हुई। मेरी पत्नी भी वहीं थी और ऐसे में लोगों ने एक फोटो ले ली। ईमानदारी से कहूं तो पंत मैदान पर एक अच्छे खिलाड़ी हैं।