नई दिल्ली। भारत के लविंग स्टार प्लेयर सुरेश रैना आज अपनी बचपन की दोस्त प्रियंका चौधरी संग सात फेरे ले लेंगे। आज दिल्ली के चाणक्यपुरी इलाके के 'द लीला पैलेस होटल' में रैना की शादी है। 1 अप्रैल को रैना ने प्रियंका संग सगाई की थी। देश की हाईप्रोफाइल शादी में से एक इस शादी के गवाह पीएम मोदी और यूपी के सीएम अखिलेश यादव भी बन सकते हैं क्योंकि इन दोनों लोगों को विशेष तौर पर इस शादी में आमंत्रित किया गया है।
वैसे जो खबर है उसके मुताबिक इस खास शादी के लिए 250 खास लोगों को निमंत्रित किया गया है जिनमें पीएम और सीएम के अलावा टीम इंडिया के कप्तान मित्र महेंद्र सिंह धोनी, पूरी भारतीय क्रिकेट टीम, सचिन तेंदुलकर, सुनील गावस्कर, कपिल देव, वीवीएस लक्ष्मण, रवि शास्त्री, सौरव गांगुली, राहुल द्रविण, बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष एन. श्रीनिवासन और अनुष्का शर्मा शामिल हैं।
गौरतलब है कि प्रियंका चौधरी इस समय नीदरलैंड के एक प्रतिष्ठित बैंक में कार्यरत हैं और उन्होंने बीटेक की पढाई की है। तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी प्रियंका का परिवार बेहद ही शिक्षित और संस्कारी हैं। उनके दोनों भाई आईटी इंजीनियर हैं। प्रियंका ने गाजियाबाद के फेमस कॉलेज कृष्णा इंस्टीट्यूट आफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (केआइईटी) से बीटेक किया है।