
द्रविड़ के लिए मुश्किल हुआ सफर
सीओए की दिल्ली में सोमवार को हुई बैठक में इस बात का फैसला लिया है कि अब राष्ट्रीय टीम के कोच आईपीएल टीम का हिस्सा नहीं हो सकते हैं। उदाहरण के तौर पर राहुल द्रविड़ अंडर 19 टीम के कोच है और अगर उनका कार्यकाल बढ़ाया जाता है तो उन्हें दिल्ली डेयरडेविल्स की टीम से खुद को अलग करना होगा, मौजूदा समय में द्रविड़ पिछले दो साल से दिल्ली टीम के मेंटर हैं।

आईपीएल का हिस्सा नहीं बन सकेंगे कोच
सीओए चेयरमैन विनोद राय ने कहा कि अब सभी करार दो साल के लिए किए जाएंगे। अब बीसीसीआई जो भी करार करेगा वह लोढ़ा कमेटी की सिफारिशों पर ही किया जाएगा, लोढ़ा कमेटी का साफ कहना है कि राष्ट्रीय करार कम से कम 12 महीनों के लिए होना चाहिए, ऐसे में 10 महीने के लिए राष्ट्रीय टीम और दो महीने के लिए आईपीएल की टीम का हिस्सा होना अब स्वीकार नहीं किया जाएगा। सीओए के एक सदस्य ने बताया कि अब अंडर 19 टीम के कोच को भी इस नियम का पालन करना होगा

वेस्टइंडीज के दौरे तक रहेंगे कोच
सोमवार को हुई बैठक में यह फैसला लिया गया कि वेस्टइंडीज के दौर पर भी अनिल कुंबले टीम के कोच बने रहेंगे। इस बैठक में बीसीसीआई सचिव अमिताभ चौधरी, सीईओ राहुल जौहरी ने सीओए के साथ वीडियो कॉफ्रेंसिंग के जरिए बैठक की। इस बैठक में बीसीसीआई के अधिकारियो ने टीम के नए कोच की तलाश के बारे में की जा रही प्रक्रियाओं से सीओए को रूबरू कराया। सीओए ने बताया कि चीफ एडवायजरी कमेटी टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली से टीम के अगले कोच को लेकर चर्चा कर सकती है, ऐसे इस चर्चा के बाद ही नए कोच का ऐलान होगा।

कुंबले का कार्यकाल बढ़ाया जा सकता है
हाल ही में जिस तरह से कुंबले और कोहली के बीच तनाव की खबरे सामने आई थी, उसके बाद माना जा रहा था कि कुंबले का कार्यकाल अब आगे नहीं बढ़ाया जाएगा, लेकिन अब जिस तरह से सीएसी के सदस्यों ने कुंबले के नाम पर सहमति जताई है और खुद कोहली ने कुंबले के साथ विवाद की खबरों का खंडन किया है, माना जा रहा है कि कुंबले के कार्यकाल को बढ़ाया जा सकता है। सीएसी के तीनों सदस्य सचिन, गांगुली और लक्ष्मण ने कुंबले के नाम पर समहति जताई है, हालांकि अन्य आवेदकों को भी सीएसी के सामने अपना पक्ष रखने का मौका दिया जाएगा, माना जा रहा है कि वेस्ट इंडीज के दौरे के बाद ही इन आवेदकों का साक्षात्कार किया जाएगा।


Click it and Unblock the Notifications