नई दिल्ली। बोर्ड ऑफ कंट्रोल फॉर क्रिकेट इन इंडिया यानि बीसीसीआई दुनिया का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड है। बीसीसीआई को लोगों की बौद्धिक संपत्ति की रक्षा करने के लिए भी जाना जाता है। कई बार बीसीसीआई ने फैंस द्वारा उनके ट्विटर हैंडल पर उनकी तस्वीरों, वीडियो आदि को साझा करने पर अपना अपना कॉपीराइट दावा किया है। लेकिन इस बार बीसीसीआई को अपनी ही कड़वी दवा का स्वाद चखना पड़ा है। दरअसल बीसीसीआई के आधिकारिक ट्विटर हैंडल की डिस्प्ले पिक्चर को ट्विटर ने कॉपीराइट नियमों के उल्लंघन के चलते हटा दिया है।
बीसीसीआई की डीपी को ट्विटर हैंडल से ट्विटर ने हटा दिया। ट्विटर की ओर से पाया गया है कि बीसीसीआई ने कॉपीराइट नियमों का उल्लंघन किया है। ट्विटर की ओर से कहा गयाहै कि इस तस्वीर को हटाया जा रहा है क्योंकि तस्वीर का कॉपीराइट रखने वाले ने इसपर आपत्ति जताई है। ऐसे में लोगों को यह समझ नहीं आ रहा है कि बीसीसीआई ने यह जानबूझकर किया है या फिर यह कुछ और ही मामला है।
सोशल मीडिया पर कई लोगों को लगा कि बीसीसीआई का ट्विटर हैंडल हैक हो गया है और किसी ने यह बीसीसआई को एहसास कराने के लिए किया है कि जब किसी तस्वीर या वीडियो पर बीसीसीआई अपना दावा करता है और कॉपीराइट नियमों का उल्लंघन का हवाला देते हुए कार्रवाई करता है तो कैसा लगता है। लेकिन सच्चाई यह है कि तस्वीर को कॉपीराइट नियमों के उल्लंघन के चलते ट्विटर ने हटा दिया है। अब बीसीसीआई ने कवर तस्वीर पर महेंद्र सिंह धोनी की तस्वीर को लगाया है और कैप्शन में लिखा है शुक्रिया महेंद्र सिंह धोनी।