नई दिल्ली। चैंपियंस कप के सेमीफाइल मैच में पाकिस्तानी खिलाड़ियों की अभद्र और अश्लील व्यवहार के चलते दो पाकिस्तानी खिलाड़ियों को फाइनल मैच के लिए सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं एक अन्य खिलाड़ी शफकत रसूल को उनके घटिया व्यवहार के लिए कड़ी फटकार लगायी गयी है। अंतर्राष्ट्रीय हॉकी फेडरेशन ने मोहम्मद तौशीक व अमजद अली के फाइनल मैच में खेलने पर रोक लगा दी है।
गौरतलब है कि शनिवार को भारत पाक से 4-3 से हार गया था। जिसके बाद पाकिस्तानी खिलाड़ी मैदान में कपड़े उतारकर अश्लील इशारे करने लगे थे। पाक खिलाड़ियो ने भारतीय मीडिया और खिलाड़ियों की ओर इशारा करते हुए अभद्र व्यवहार किया। जिसके बाद पाकिस्तान के कोच को बीच में आना पड़ा। हालांकि पाकिस्तान के कोच शहनाज शेख ने माफी मांग ली है। लेकिन भारत इस मुद्दे पर ऑफिशियल लिखित माफी चाहता है।
आपको बता दें कि अगले महीने भारत पाकिस्तान के दौरे पर द्वीपक्षीय सीरीज खेलने जाने वाला था जिसपर भारतीय हाकी संघ ने रोक लगा दी। यही नहीं भारत ने पाक के साथ कोई भी मैच खेलने से इनकार कर दिया है।