बैंगलोर। मंगलवार को रफ्तार के बादशाह उसैन बोल्ट और क्रिकेट के सुपरस्टार युवराज सिंह आमने-सामने थे। सबकी नजरें इसी बात पर टिकी थीं कि आखिर कौन बाजी मारेगा, लेकिन यहां पर बोल्ट की बादशाहत साबित हुई।
रनिंग ट्रैक का राजा, क्रिकेट की पिच का भी राजा बना और युवराज सिंह को आसानी से पटखनी दे गया। पहली बार भारत आए बोल्ट ने युवराज सिंह की कप्तानी वाली क्रिकेट टीम को आखिरी गेंद पर मात देकर चौंकाने वाली जीत दर्ज की। इस जीत के बाद बोल्ट ने फैंस को अपना ट्रेडमार्क स्टाइल भी दिखाया।
बैंगलोर के चिन्नास्वामी स्टेडियम में 6000 के करीब दर्शकों के सामने बोल्ट ने साबित कर दिया कि वह क्रिकेटर भी शानदार हैं। स्टेडियम में उनके फैन्स दुनिया के सबसे तेज गेंदबाज की एक झलक पाने को बेताब थे और उनकी टीम ने इस क्रिकेट मैच में सात खिलाड़ियों वाली युवी की टीम को हरा दिया। यह मुकाबला चार-चार ओवर का था।
छह ओलंपिक गोल्ड मेडल जीतने वाले पहले एथलीट बोल्ट ने 19 गेंद में 45 रन बनाए, जिसमें पांच छक्के शामिल थे और इनमें से तीन तो युवराज की गेंदों पर लगे थे। उनकी टीम ने 59 रन का लक्ष्य मैच की अंतिम गेंद में हासिल कर लिया। बोल्ट के हर शॉट का वहां मौजूद फैन्स ने लुत्फ उठाया।
युवी ने ट्रैक पर 100 मीटर दौड़ में बोल्ट को हरा दिया। 100 मी और 200 मी दोनों के वर्ल्ड रिकॉर्ड बना चुके बोल्ट ने युवराज को रेस जीतने दी।
युवराज ने फिनिशिंग लाइन पर पहुंचकर बोल्ट स्टाइल में जीत का जश्न मनाया जैसा बोल्ट ने 2012 लंदन ओलंपिक के दौरान किया था, जिसमें उन्होंने ब्रिटेन के लंबी दूरी के धावक मो फराह की नकल उतारकर जश्न मनाया था।
टीम बोल्ट में उनके सबसे अच्छे दोस्त नुगेंट वाल्कर जूनियर और भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह मौजूद थे इस मुकाबले को बोल्ट एंड युवी - बैटल ऑफ द लीजेंड्स नाम दिया गया।