बैंगलोर। एक के नाम सिर्फ 9.58 सेकेंड्स में 100 मीटर तक चीते की फुर्ती के साथ दौड़ने का रिकॉर्ड तो दूसरे के नाम एक ही ओवर में छह छक्कों का रिकॉर्ड। कैसा होगा मैदान का नजारा जब दो अलग-अलग खेलों के धुरंधर आमने-सामने होंगे।
हम बात कर रहे हैं दुनिया के सबसे तेज धावक उसैन बोल्ट और दुनिया के सबसे अच्छे बैट्समैन में शामिल युवराज सिंह की। उसैन बोल्ट अपनी पहली भारत यात्रा पर भारत पहुंचे हैं और वह यहां पर युवी की टीम के खिलाफ एक चार ओवर का क्रिकेट मैच खेलने वाले हैं।
आपको बता दें कि उसैन एक एथलीट जरूर हैं लेकिन किक्रेट के सबसे बड़े फैन हैं। दो बार वर्ल्ड कप जीतने वाली और किसी जमाने में बॉलिंग से दुश्मनों के छक्के छुड़ा देने वाले देश वेस्टइंडीज के जमैका के रहने वाले बोल्ट सचिन तेंदुलकर को अपना आदर्श बताते हैं।
बोल्ट और उसैन को जो मैच होगा उस दौरान सात क्रिकेट फैंस को बोल्ट के साथ खेलने का मौका मिलेगा।
इन फैन्स को सोशल मीडिया पर प्रतियोगिता के जरिए चुना गया है। चिन्नास्वामी में सात-सात खिलाड़ियों के इस मैच में टीमों की अगुआई बोल्ट और युवराज करेंगे। मंगलवार शाम चार से पांच बजे के बीच होने वाले इस मैच में दो अन्य भारतीय क्रिकेटर तेज गेंदबाज जहीर खान और स्पिनर हरभजन सिंह भी हिस्सा लेंगे।
जानकारी के मुताबिक बोल्ट की टीम में उनके स्कूल के दिनों के दोस्त और निजी सहायक न्युगेंट वाल्कर जूनियर और हरभजन शामिल होंगे। युवराज की टीम में जहीर खान होंगे, जबकि दोनों टीमों में स्पेशलिस्ट विकेटकीपर को शामिल किया गया है।