टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए जिंबाब्वे की टीम ने एल्टन चिगुम्बुरा के तूफानी 76 रनों की बदौलत निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 173 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।
चिगुम्बुरा ने 35 गेंदों पर पांच चौके और छह छक्के लगाए। क्रेग इरविन ने उनका अच्छा साथ दिया और 39 रनों की उपयोगी पारी खेली। इरविन ने 30 गेंदों पर तीन चौके जड़े।
दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 114 रनों की साझेदारी निभाई। आस्ट्रेलिया की ओर मिशेल जानसन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 23 रन देकर चार विकेट अपनी झोली में डाले। डिर्क नैन्स, ब्रेट ली और शेन वॉटसन को भी एक-एक सफलता मिली।
जवाब में खेलने उतरी आस्ट्रेलियाई टीम की ओर से सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर ने 49 गेंदों पर चार चौकों और पांच छक्कों की मदद से 72 रन बनाए। कप्तान माइकल क्लार्क ने भी 49 रनों की योगदान दिया लेकिन इसके बावजूद आस्ट्रेलियाई टीम लक्ष्य से एक रन पीछे रह गई।
निर्धारित ओवरों की समाप्ति तक आस्ट्रेलियाई टीम सात विकेट के नुकसान पर 172 रन ही बना सकी। जिंबाब्वे की ओर से प्रास्पर उत्सेया ने दो विकेट झटके जबकि ग्रीम क्रेमर और क्रिस मोफू को एक-एक सफलता मिली।
विश्व कप के मुख्य मुकाबले 30 अप्रैल से खेले जाने हैं। विश्व कप 16 मई तक चलेगा। पाकिस्तान मौजूदा चैम्पियन की हैसियत से इस विश्व कप में हिस्सा ले रहा है। आस्ट्रेलियाई टीम पिछले दो मौकों पर एक बार भी फाइनल में जगह नहीं बना सकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।