नई दिल्ली। महेंद्र सिंह धोनी अपने हेलीकाॅप्टर शाॅट के कारण दुनियाभर में छाए। याॅर्कर गेंद को कैसे बांउड्री पार भेजना है, इसका इलाज धोनी ने ही हेलिकाॅप्टर शाॅट के जरिए ढूंढा। हालांकि ऐसा शाॅट खेलना कई सालों तक किसी अन्य बल्लेबाजों के लिए आसान नहीं हुआ, लेकिन जैसे-जैसे धोनी का क्रिकेट करियर खत्म होने की कगार पर है तो कई धुरंधर धोनी के हेलीकॉप्टर शॉट की नकल करने से नहीं चूक रहे। रविवार को ऑस्ट्रेलिया-श्रीलंका के बीच तीन टी20 मैचों की सीरीज के पहले मैच में आलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल हेलीकॉप्टर शॉट के जरिए जानदार छक्का जड़ते दिखे, जिससे एक फिर धोनी की याद आ गई।
मैक्सवेल ने मात्र 28 गेंदों की अपनी पारी में धुआंदार 62 रन ठोक दिए। इस पारी के दौरान मैक्सवेल ने सात चौके और तीन छक्के लगाए। अपनी पारी के दौरान मैक्सवेल ने मिडविकेट के उपर से दो छक्के लगाए, जिसे देख क्रिकेट फैंस को एम एस धोनी की याद आ गई। मैक्सवेल ने धोनी के अंदाज में गेंद को सीमा रेखा पार भेजा। दोनों छक्के धोनी के ट्रेड मार्क शॉट हेलीकॉप्टर शॉट जो थे। पूरे मैदान में मैक्सवेल के हवाई हमलों की तारीफ हो रही थी।
मैक्सवेल ने यह शॉट कुशल रजिथा के 18वें ओवर की अंतिम दो गेंदों पर लगाए थे। रंजीता के लिए यह मैच बेहद निराशाजनक साबित हुआ और उन्होंने यहां चार ओवर में 75 रन दे दिए। अब टी-20 अंतरराष्ट्रीय में वह सबसे महंगा स्पेल फेंकने वाले गेंदबाज बन गए है।
Maxwell brings out the helicopter! Consecutive sixes for the Australia's No.3!
— cricket.com.au (@cricketcomau) October 27, 2019
Australia 1-222 with an over to go. #AUSvSL pic.twitter.com/1F6t5cxCYu
बता दें कि इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने 134 रनों से जीत दर्ज की। कंगारू टीम ने मेहमान श्रीलंका के सामने एडिलेड में 234 रन का विशाल लक्ष्य रखा था। इसके जवाब में श्रीलंका की टीम निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर सिर्फ 99 रन ही बना पाई। श्रीलंका के लिए सर्वाधिक 17 रन दशुन शनाका ने बनाए। सलामी बल्लेबाज डविड वार्नर ने शानदार शतक जड़ा। वॉर्नर ने टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना पहला शतक लगाया। टीम की पारी के अंतिम गेंद पर एक रन लेकर उन्होंने अपना शतक पूरा किया। टी-20 क्रिकेट में उन्होंने इससे पहले 7 शतक लगाए थे। वहीं टीम के कप्तान एरोन फिंच ने भी अर्धशतक लगाया। इन दोनों के बाद बल्लेबजी करने आए मैक्सवेल ने अपनी बल्लेबाजी से सबका दिल लूट लिया।