
मोहाली। भारत और श्रीलंका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मैच मोहाली में खेला गया। धर्मशाला में खेले गए पहले मैच में भारत को मुंह की खानी पड़ी थी। श्रीलंकाई तेज गेंदबाजों के सामने भारतीय टीम ताश के पत्तों क तरह बिखरती नजर आई। धर्मशाला में हुए पहले वनडे मैच में 7 विकेट की करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था। हालांकि अब रोहित शर्मा की अगुवाई में खेल रही टीम की नजर सीरीज बचाने पर होंगी। इसके लिए टीम ने कड़ी मेहनत की है।
पिछले मैच में पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अकेले पहाड़ की तरह टिके रहे और धमाकेदार अर्धशतकीय पारी खेली थी। ये उन लोगों के मुंह पर तमाचा था जो धोनी को उम्र का वास्ता देकर संन्यास लेने की सलाह देते हैं। धोनी के लिए उम्र महज एक आंकड़ा है। फिटनेस के मामले में शायद ही कोई खिलाड़ी धोनी की जगह टिकता हो। यहां तक कि युवा खिलाड़ी भी आज धोनी के ज्यादा फिट नहीं हैं। इसका एक ताजा उदाहरण अभी हाल ही में मिला है। दरअसल मोहाली में मैच से पहले धोनी और हार्दिक पांड्या ने 100 मीटर की एक रेस लगाई। इसका वीडियो बीसीसीआई ने अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर किया है। इसमें देखा जा सकता है कि धोनी पांड्या से कहीं ज्यादा फुर्तीले दिख रहे हैं। यही नहीं इस रेस में बाजी भी महेंद्र सिंह धोनी ने मारी।
यहां देखें वीडियो-
A quick 100 metre dash between @msdhoni and @hardikpandya7. Any guesses on who won it in the end? #TeamIndia #INDvSL pic.twitter.com/HpboL6VFa6
— BCCI (@BCCI) December 13, 2017
बता दें कि भारत इस साल एक भी द्विपक्षीय सीरीज नहीं हारा है। धोनी की बात करें तो उन्हें वनडे क्रिकेट में 10000 रन पूरे करने के लिए अब सिर्फ 109 रन की जरूरत है। वह 310 वनडे मैचों में 9891 रन बना चुके हैं। दूसरे वनडे में एमएस धोनी भारत के लिए सबसे ज्यादा वनडे खेलने वाले खिलाड़ियों की सूची में सौरव गांगुली के साथ संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर आ जाएंगे। इस सूची में सचिन तेंदुलकर(463 मैच) पहले, राहुल द्रविड़(344 मैच) दूसरे और मोहम्मद अजहरुद्दीन(334 मैच) तीसरे स्थान पर मौजूद हैं।