मुंबई, 29 मई (आईएएनएस)। भले ही मुंबई इंडियंस की टीम इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के सेमीफाइनल की होड़ से बाहर हो गयी हो लेकिन टीम के मालिकों को इससे कोई नुकसान नहीं हुआ है।
खिलाड़ियों की नीलामी के दौरान सबसे बड़ी बोली लगाने के कारण मुंबई इंडियन्स को सेमीफाइनल और फाइनल मैच की मेजबानी के अतिरिक्त उन मैचों के विपणन के अधिकार भी मिले हुए हैं। उसने इन मैचों की टिकटों की कीमतों में भारी इजाफा करने का फैसला किया है।
स्थानीय वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले आईपीएल सेमीफाइनल और नव निर्मित डी.वाई पाटिल स्टेडियम में होने वाले फाइनल के लिए टिकटों की कीमतों में दो से लेकर 20 फीसदी तक का इजाफा किया गया है।
वानखेड़े स्टेडियम के वातानुकूलित बाक्स की एक टिकट अब 12 हजार की बजाय 25 रुपये हो गयी है। जबकि पाटिल स्टेडियम में इसकी कीमत 12 हजार से बढ़कर 35 हजार रुपये हो गई है।
विजय मर्चेट स्टैंड के अपर डेक की जो टिकट अब तक 500 रुपये की थी वह अब 10 हजार रुपये में बिक रही है।
यद्यपि इतनी महंगी टिकट खरीद पाना आम आदमियों के बस की बात नहीं है फिर भी ऐसे समाचार सामने आ रहे हैं कि सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चारों टीमों राजस्थान रायल्स, दिल्ली डेयरडेविल्स, किंग्स इलेवन पंजाब और चेन्नई सुपर किंग्स ने अधिकांश मंहगे टिकट खुद खरीद लिए हैं।
एक टीम के अधिकारी ने कहा, "हमें टिकटों की जरूरत है। इसलिए हम उन्हें बढ़ी हुई कीमतों पर भी खरीदने को मजबूर हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।