दिल्ली। मुंबई ने सेमीफाइनल-2 में कर्नाटका को 72 रनों से मात देते हुए विजय हजारे ट्राॅफी के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। मैच के हीरो एक बार फिर ओपनर पृथ्वी शाॅ साबित हुए जिन्होंने तूफानी शतकीय पारी खेली। मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 विकेट खोकर 323 रनों का लक्ष्य रखा था। जवाब में कर्नाटका की की टीम 42.4 ओवर में महज 250 रन बनाकर ढेर हो गई। मुंबई के लिए तुषार देशपांडे, तनुष कोटियां, प्रशांत सोलंकी और शाम्स मुलानी ने 2-2 विकेट लिए, जबकि धवल कुलकर्णी और यशस्वी जायसवाल ने 1-1 विकेट लिया।
मुंबई के लिए पृथ्वी शाॅ ने 122 गेंदों में 165 रनों की पारी खेली, जिसमें 17 चाैकों के अलावा 7 दनदनाते छक्के शामिल रहे। इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में कामयाब नहीं हो पाया, लेकिन छोटी पारियों की मदद से टीम का स्कोर 300 के पार पहुंचा। ओपनर जायसवाल 6 रन ही बना सके। विकेटकीपर अदित्या तारे ने 16, मुलानी ने 45, शिवम दुबे ने 27 जबकि अमन हकीम खान ने 25 रनों की पारी खेली। इनके अलावा अंतिम ओवरों में सरफराज खान ने 9. देशपांडे ने 4, जबकि धवन कुलकर्णी ने 3 रनों का योगदान दिया।
जवाब में उतरी कनार्टका ने पहला विकेट कप्तान रविकुमार समर्थ के रूप में महज 9 रनों पर खो दिया। उन्होंने 8 रन बनाए। हालांकि ओपनर देवदत्त पाडिक्कल ने पारी को संभालते हुए स्कोर बढ़ाया। पडिक्कल ने 64 गेंदों में 64 रनों की पारी खेली। उनके अलावा विकेटकीपर सार्थ गाैथम बीआर ने 39 गेंदों में 61 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाजों का सहयोग ना मिलने के कारण टीम विकेट गंवाती गई। ऐसे में पूरी टीम 250 रन पर ढेर होकर 72 रनों से मैच हार गई।
यूपी से होगी खिताबी भिड़ंत
अब मुंबई की खिताबी भिड़ंत यूपी से होगी। यूपी ने सेमीफाइनल-1 में गुजरात को 5 विकेट से मात देकर फाइनल में प्रवेश किया था। अब मुंबई-यूपी के बीच फाइनल मैच 14 मार्च को दिल्ली के अरूण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा, जो सुबह 9 बजे शुरू होगा।