
झारखंड ने हैदराबाद को हराया
कुमार देवब्रत और सौरभ तिवारी के अर्धशतकों की मदद से झारखंड ने विजय हजारे ट्रॉफी ग्रुप एक मैच में शनिवार को यहां हैदराबाद को छह विकेट से हराया। बारिश के कारण मैच 34 ओवर प्रति टीम कर दिया गया। झारखंड के सामने 193 रन का लक्ष्य था जो उसने देवब्रत (56) और तिवारी (नाबाद 61) के अर्धशतकों से दो गेंद शेष रहते हुए हासिल कर दिया। इससे पहले हैदराबाद ने सात विकेट पर 192 रन बनाये थे। उसकी तरह से कप्तान अंबाती रायडू ने सर्वाधिक 69 रन बनाये।

हरियाणा ने बड़ौदा को हराया, 58 रन से जीता
सुमित कुमार (58 और 14 रन पर पांच विकेट) के जबरदस्त हरफनमौला प्रदर्शन से हरियाणा ने बड़ौदा को ग्रुप ए और बी में 58 रन से हरा दिया। हरियाणा ने 49.1 ओवर में 217 रन बनाए, जिसके जवाब में बड़ौदा की टीम 159 रन पर सिमट गई। हरियाणा की चार मैचों में यह दूसरी जीत है और वह 12 अंकों के साथ तालिका में दूसरे स्थान पर आ गया है। बड़ौदा की पांच मैचों में यह दूसरी हार है। सुमित ने 66 गेंद में 58 रन की पारी खेल टीम के स्कोर को 217 तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाने के बाद गेंद से कमाल करते हुए पांच विकेट झटक कर हरियाणा को सत्र की दूसरी जीत दिलाई। कम स्कोर वाले मैच में पहले बल्लेबाजी का फैसला करने वाले हरियाणा के लिए सलामी बल्लेबाज अंकित कुमार (48) और प्रमोद चंदीला (48) ने भी अच्छा योगदान दिया।
बड़ौदा के लिए कप्तान क्रुणाल पंड्या ने तीन जबकि अतित शेठ और ऋषि अरोठे ने दो-दो विकेट लिए जिससे हरियाणा की टीम 49.1 ओवर में 217 रन पर आउट हो गई। जीत के लिए 218 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बड़ौदा की टीम 40.2 ओवर में 159 रन ही बना सकी। सुमित के पांच विकेट के अलावा राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले अमित मिश्रा, युजवेन्द्र चहल और जयंत यादव जैसे गेंदबाजों ने एक-एक विकेट लिया। बड़ौदा की ओर से सिर्फ आदित्य वाघमोड ही बड़ी पारी खेल सके। उन्होंने 65 रन बनाए।

पंजाब ने विदर्भ को 7 विकेट से दी मात
पंजाब ने शनिवार को खेले गए विजय हजारे ट्रॉफी के राउंड-3 के ग्रुप-ए और बी मैच में विदर्भ को सात विकेट से हरा दिया। पंजाब की टीम ने पहले बल्लेबाजी गेंदबाजी करते हुए विदर्भ को 43.1 ओवर में 155 रन पर समेट दिया। विदर्भ की ओर से फैज फजल ने 72, रुषभ राठौर ने 26 और जितेश शर्मा ने 16 रन बनाए।
पंजाब की ओर से कर्ण कालिया ने चार, संदीप शर्मा और कप्तान मनदीप सिंह ने दो-दो जबकि मयंक मारकंडे ने एक विकेट अपने नाम किया।
पंजाब ने विदर्भ से मिले 156 रनों के लक्ष्य को 46.2 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। पंजाब की ओर से गुरीकरत सिंह मान ने नाबाद 51, अनमोलप्रीत सिंह नाबाद 42, अभिषेक शर्मा ने 33 और सिमरन सिंह ने 22 रन बनाए। विदर्भ के लिए अक्षय वखारे ने दो और अक्षय कार्नेवार ने एक विकेट लिया।

मेघालय ने मणिपुर को 3 विकेट से हराया
मेघालय ने अपने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर यहां अभिमन्यु क्रिकेट अकादमी मैदान पर खेले गए विजय हजारे ट्रॉफी के राउंड-9 प्लेट ग्रुप मैच में शनिवार को मणिपुर को 90 रन पर ढेर कर दिया और तीन विकेट से मैच जीत लिया। मैदान गीला होने के कारण मैच को 40-40 ओवरों का कर दिया गया, जिसमें मणिपुर पहले बल्लेबाजी करते हुए 25.1 ओवर में ही 90 रन पर ढेर हो गई। टीम के लिए अहमद शाह ने सर्वाधिक 24 रन बनाए।
मेघालय के लिए संजय यादव ने तीन और अभय नेगी तथा आकाश चौधरी ने दो-दो जबकि आदित्य सिंघानिया ने एक-एक विकेट लिया। मणिपुर से मिले 91 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेघालय की भी शुरुआत खराब रही और टीम ने 51 रन तक अपने पांच विकेट गवां दिए। हालांकि लक्ष्य छोटा होने के कारण मेघालय ने 18.4 ओवर में सात विकेट खोकर इसे हासिल कर लिया। मणिपुर की ओर से रेक्स सिंह और बिश्वीत कोंथुजम ने तीन-तीन विकेट चटकाए।


Click it and Unblock the Notifications
