नई दिल्ली। विजय हजारे ट्रॉफी के सेमीफाइनल में हैदराबाद और मुंबई के बीच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में बुधवार को मैच खेला गया। इस दौरान सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ और हैदराबाद के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज के बीच मैदान पर कहासुनी हो गई। पृथ्वी शॉ सिराज की गेंदबाजी के दौरान थोड़े से असहज दिखे। उनके ओवर में पृथ्वी के हाथ से बार बल्ला छूट गया तो वहीं, कई बार वह बीट होते भी नजर आए। इस दौरान सिराज ने पृथ्वी पर कोई कमेंट भी किया।
सिराज के भड़काने के बाद शॉ ने ओवर की आखिरी तीन गेंदों पर दो छक्के और एक चौका लगाकर 34 गेंद पर पचासा पूरा कर लिया।
इससे पहले वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना डेब्यू मुकाबला खेलकर धमाल मचाने वाले पृथ्वी शॉ ने एक बार फिर मैदान में धमाल मचाया।
— Mushfiqur Fan (@NaaginDance) October 17, 2018
— Mushfiqur Fan (@NaaginDance) October 17, 2018
दरअसल शॉ और अय्यर के अर्धशतकों की मदद से मुंबई ने बुधवार को यहां बारिश से प्रभावित मैच में हैदराबाद को वीजेडी पद्वति से 60 रन से हराकर विजय हजारे ट्रॉफी टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बना ली है। बता दें कि मुंबई के सामने 247 रन का लक्ष्य था लेकिन जब उसने 25 ओवरों में दो विकेट पर 155 रन बनाए थे तभी झमाझम बारिश आ गई जिसके कारण खेल आगे नहीं हो पाया। वीजेडी पद्वति से तब जीत के लिये मुंबई का स्कोर दो विकेट पर 96 रन होना चाहिए था।
इससे पहले हैदराबाद ने के रोहित रायुडू के नाबाद 121 रन के दम पर आठ विकेट पर 246 रन बनाए थे। रोहित रायुडू के अलावा हैदराबाद का कोई भी बल्लेबाज मुंबई के आक्रमण के सामने नहीं टिक पाया। उनके बाद दूसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर 29 रन था जो बीपी संदीप ने बनाया। अंबाती रायुडु के चचेरे भाई रोहित रायुडु ने अपनी 132 गेंद की पारी में आठ चौके और चार छक्के लगाए। कप्तान अंबाती रायुडु केवल 11 रन बना पाए। मुंबई की तरफ से तुषार देशपांडे ने 55 रन देकर दो जबकि रायस्टन डियास ने 43 रन देकर दो विकेट लिये।
जब बारिश के कारण खेल रोका गया तब अय्यर के साथ अंजिक्य रहाणे 17 रन पर खेल रहे थे। मुंबई 2006-07 सत्र के बाद से विजय हजारे ट्राफी नहीं जीती है। वह 20 अक्टूबर को होने वाले फाइनल में दिल्ली और झारखंड के बीच गुरूवार को होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से भिड़ेगा।