मैच में चार विकेट लेकर शानदार शुरुआत करने वाले जानसन ने समाचार पत्र 'सिडनी मार्निग हेराल्ड' से बातचीत के दौरान यह बात कही। जानसन के मुताबिक उन्हें खुशी है कि उनके सभी साथियों ने अच्छी गेंदबाजी की लेकिन जीत नहीं हासिल कर पाने का सबको अफसोस है।
बकौल जानसन, "निश्चित तौर पर हम जीतना चाहते थे लेकिन कुछ एक ओवरों में खराब गेंदबाजी ने हमसे जीत को दूर कर दिया। हम इस जीत से निराश नहीं हैं क्योंकि हमने अच्छा खेल दिखाया है। आने वाले मैचों में हम पिछली कमियों को दूर करने का प्रयास करेंगे। यह विश्व कप हमारे लिए महत्वपूर्ण है क्योंकि इसके लिए हमने अच्छी रणनीति के साथ तैयारी की है।"
मंगलवार को खेले गए इस मुकाबले में टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए जिंबाब्वे की टीम ने एल्टन चिगुम्बुरा के तूफानी 76 रनों की बदौलत निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 173 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया था। जवाब में खेलने उतरी आस्ट्रेलियाई टीम निर्धारित ओवरों की समाप्ति तक सात विकेट के नुकसान पर 172 रन ही बना सकी।
आस्ट्रेलिया की ओर से सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर ने 49 गेंदों पर चार चौकों और पांच छक्कों की मदद से 72 रन बनाए। कप्तान माइकल क्लार्क ने भी 49 रनों की योगदान दिया लेकिन इसके बावजूद आस्ट्रेलियाई टीम लक्ष्य से एक रन पीछे रह गई। आस्ट्रेलियाई टीम पिछले दो मौकों पर एक बार भी फाइनल में जगह नहीं बना सकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।