नई दिल्ली। जिस तरह से हर रोज विराट कोहली क्रिकेट के मैदान में नये कीर्तिमान बना रहे हैं उससे लगता है कि वह जल्द ही सर डोनाल्ड ब्रैडमैन के रिकॉर्ड को भी अपने नाम कर लेंगे। कोहली किसी भी एक टूर्नामेंट में ब्रैडमैन के सबसे ज्यादा रन के रिकॉर्ड को तोड़ने के बेहद करीब पहुंच गये हैं।
विराट कोहली जल्द ही एक टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने के रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं। कोहली एक टूर्नामेंट में 1000 रन बनाने से सिर्फ 81 रन दूर हैं। आईपीएल में खेले गये 14 मैचों में कोहली अभी तक कुल 919 रन बना चुके हैं। ऐसे में सिर्फ 81 रन बनाकर कोहली 1000 के आंकड़े को अपने नाम कर सकते हैं।
एक टूर्नामेंट में सबसे अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड ब्रैडमैन के नाम है। उन्होंने 1930 में हुए एशेज सीरीज में 974 रन बनाये थे, जोकि क्रिकेट के इतिहास में एक सीरीज में किसी भी खिलाड़ी का सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर है। इस दौरान ब्रैडमैन ने 4 शतक लगाये थे। ऐसे में विराट कोहली सर ब्रैडमैन के रिकॉर्ड से सिर्फ 55 रन दूर हैं।
कोहली के आईपीएल में चार आखिरी पारियों पर नजर डालें तो यह 109, नाबाद 75, 113 और नाबाद 54 रन है। ऐसे इस करिश्मायी फॉर्म चल रहे कोहली के लिए यह रिकॉर्ड बड़ा नहीं लगता है। आज गुजरात लायंस से होने वाले मुकाबले में वह इस रिकॉर्ड को अपने नाम कर सकते हैं। कोहली अभी भी आईपीएल में दो मैच खेल सकते हैं।