नई दिल्ली। इंग्लैंड के साथ खेले गए तीसरे टेस्ट मुकाबले में भारतीय टीम ने अपनी गेंदबाजी और बल्लेबाजी का लोहा मनवाते हुए इंग्लैंड को करारी शिकस्त दी। वहीं भारतीय गेंदबाजों और बल्लेबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर खुद को साबित भी किया। गौरतलब हो कि पहले शुरुआती दोनों टेस्ट मुकाबलों में मिली हार के बाद भारतीय टीम की चारों ओर आलोचना हो रही थी जिसके बाद भारतीय टीम ने इस जीत के साथ न सिर्फ अपने आलोचकों को करारा जवाब दिया बल्कि कुछ खास रिकॉर्ड भी अपने नाम किए। इसी के साथ कप्तान विराट कोहली ने एक नया करिश्मा कर दिखाया। कोहली बतौर कप्तान भारत को सबसे ज्यादा टेस्ट जिताने वाले कप्तान बन गए हैं।
सौरव गांगुली को छोड़ा पीछेः सौरव गांगुली ने 49 मैचों की कप्तानी करते हुए भारत को 21 जीतें दिलाई थीं। वहीं कोहली ने महज 38 मैचों में ही भारत को 22 मैच जिता दिए। इस मामले में पहले महेंद्र सिंह धोनी का नाम आता है। धोनी ने 60 मैचों में 27 मैच अपनी कप्तानी में भारत को जिताए थे। इसी के साथ कोहली 38 मैचों में सबसे अधिक जीतें दर्ज करने वाले दुनिया के तीसरे कप्तान बन गए हैं। गौरतलब हो कि भारतीय टीम ने इस मुकाबले में जीत के साथ ही सीरीज में 2-1 से स्थिति को सुधार लिया है। ऐसे में अगले मुकाबले में जीत हासिल कर विराट सेना का लक्ष्य सीरीज में बराबरी लाने का होगा जिससे कि अंतिम मुकाबले में जीत हासिल कर वो इस सीरीज पर कब्जा कर सके।