नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक सुपरस्टार की हैसियत रखते हैं। भारत में उनका कद किसी बॉलीवुड हस्ती से भी बड़ा माना जाता है। उनकी अपार लोकप्रियता के पीछे उनके खेल के अलावा चमत्कारिक शख्सियत ने भी अहम भूमिका निभाई हैं। इस समय कोहली वेस्टइंडीज में होने वाली सीरीज के लिए तैयारी कर रहे हैं। इस सीरीज के लिए रवाना होने से पहले कोहली मुंबई में एक इवेंट में भाग लेने गए थे जहां पर उनको देखने के लिए इतनी भीड़ जमा हो गई कि खुद कोहली भी हैरान रह गए।
कोहली ने इस इवेंट के दौरान जुटी भीड़ को एक वीडियो के जरिए दिखाया है। वीडियो में आप कोहली को देखने के लिए जुटी भीड़ देखते हैं। मजेदार बात यह है कि कोहली इस भीड़ को देखकर खुद भी हैरान नजर आ रहे हैं और थोड़े शरमा भी रहे हैं। आप वीडियो में देख सकते हैं कि कोहली एक मल्टीस्टोरी इंडोर प्लेस में हैं। हर मंजिल पर कोहली के फैन खड़े हैं और भारतीय कप्तान शुरुआती हैरानी के बाद उपस्थित लोगों का अभिनंदन करते हैं।
कोहली ने इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए लिखा है- वेस्टइंडीज दौरे पर जाने से ठीक पहले मुंबई में फिलिप्स के एक इवेंट में सपनों सरीखा अद्भुत अनुभव किया। आप सभी के लिए प्यार और सपोर्ट के लिए शुक्रिया, ये वास्तव में अविश्वसनीय था।
भारतीय टीम वेस्टइंडीज दौरे पर तीन टी20, तीन ही वनडे और दो टेस्ट मैच खेलेगी। एक महीने तक चलने वाला यह दौरा 3 अगस्त से शुरू होकर 3 सितंबर तक चलेगा। रोहित को तीनों प्रारूपों में जगह दी गई है। जबकि टेस्ट में उपकप्तान अजिंक्य रहाणे होंगे। भारत को 3 और 4 अगस्त से होने वाले दो टी20 मैच अमेरिका के प्लोरिडा में खेलने हैं।