नई दिल्ली: भारतीय टीम की विश्वकप से भावनात्मक विदाई हो गई है। परिणाम निश्चित तौर पर भारत के पक्ष में नहीं गया लेकिन टीम ने लड़ने का जो जज्बा दिखाया उसकी तारीफ हर जगह हो रही है। भारत जिस सेमीफाइनल मुकाबले में हारकर बाहर हुआ वह भी एक बहुत रोमांचक मैच था। इस मुकाबले में रविंद्र जडेजा और धोनी ने शतकीय साझेदारी से मैच को अंतिम ओवर तक चलाया। भारत के जूझने के जज्बे की हर तरफ प्रशंसा हो रही है। इसी बीच टीम के बाहर हो जाने के बाद कप्तान कोहली ने फैंस के नाम संदेश लिखा है।
कोहली ने अपने ट्विटर हैंडल पर सबसे पहले भारतीय टीम के फैंस का शुक्रिया अदा किया है जिन्होंने टीम को बहुत बड़ी संख्या में सपोर्ट किया है। आपको बता दें कि भारत के मैच के दौरान इंग्लैंड के स्टेडियम भारतीय समर्थकों से पटे पड़े होते थे। कोहली ने इन समर्थकों समेत तमाम भारतीय क्रिकेट फैंस से कहा- आपने इस टूर्नामेंट को हमारे लिए यादगार बना दिया और हमने निश्चित तौर पर आपका दिया प्यार महसूस किया। हम सभी निराश हैं और आपके साथ ये भावना बांटना चाहते हैं। हमने अपना सब कुछ झोंक दिया। जय हिंद।
आपको बता दें कि भारत यह मुकाबला 18 रनों से हार गया था। न्यूजीलैंड ने पहले बैटिंग करते हुए 239 रन बनाए थे। जिसके जवाब में भारतीय टीम 49.3 ओवरों में 221 रन बनाकर ऑल-आउट हो गई थी। विकेटों के पतझड़ के बीच रविंद्र जडेजा और धोनी ने शतकीय साझेदारी करके भारत की मैच वापसी कराने में अहम भूमिका निभाई थी। जडेजा ने 59 गेंदों पर 77 रनों की धुआंधार पारी खेली। खुद धोनी ने भी 50 रनों का योगदान दिया था। हालांकि वह यह मैच भारत को जिता नहीं सके।